श्वेता राजपूत की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का साहस रखते हैं. मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले के एक छोटे से गांव की रहने वाली श्वेता पिछले नौ वर्षों से रायपुर (छत्तीसगढ़) में रह रही हैं. साधारण परिवार से आने वाली श्वेता राजपूत ने जीवन में कई चुनौतियों का सामना किया, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी. आज वह ब्यूटी और मेकअप इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना रही हैं और अपने हुनर के दम पर लगातार आगे बढ़ रही हैं.
रायपुर की स्वेता राजपूत का ऐसा फैसला, जिसने बदल दी पूरी ज़िंदगी
श्वेता राजपूत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद 12वीं कॉमर्स से उत्तीर्ण की. इसके बाद उन्होंने बी.कॉम और कंप्यूटर की पढ़ाई की. फिर प्राचीन इतिहास (एम.ए.) में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की. शिक्षा पूरी करने के बाद उनका सपना सरकारी सेवा में जाने का था. इसी उद्देश्य से उन्होंने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा परीक्षा (CGPSC) की तैयारी शुरू की. उन्होंने लगातार तीन वर्षों तक पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी की. इस दौरान उन्होंने व्यापम के माध्यम से आयोजित हॉस्टल वार्डन की लिखित परीक्षा भी सफलतापूर्वक पास की, लेकिन इंटरव्यू में उनका चयन नहीं हो सका. यह उनके लिए निराशाजनक क्षण था, लेकिन उन्होंने अपने हौसले को टूटने नहीं दिया.

परिवार की आर्थिक परिस्थितियां लंबे समय तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखने की अनुमति नहीं दे रही थीं. उन्हें महसूस हुआ कि अब ऐसा रास्ता चुनना होगा जहां वह कम समय में अपनी पहचान बना सकें और आर्थिक रूप से भी मजबूत बन सकें. इसी सोच के साथ उन्होंने ब्यूटी और मेकअप इंडस्ट्री में कदम रखने का निर्णय लिया. उनका सपना केवल मेकअप आर्टिस्ट बनना नहीं था बल्कि इस क्षेत्र में ऐसा सम्मान हासिल करना था जैसा समाज में एक सफल सरकारी अधिकारी का होता है. वह चाहती थीं कि लोग उन्हें उनके काम, व्यक्तित्व और उपलब्धियों के लिए पहचानें. अपने इस नए सपने को साकार करने के लिए श्वेता रायपुर से दिल्ली पहुंचीं. आर्थिक तंगी उनके रास्ते की सबसे बड़ी चुनौती थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. उन्होंने लोन लेकर प्रोफेशनल मेकअप कोर्स में दाखिला लिया और पूरी लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया. यह निर्णय उनके जीवन का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुआ.

संघर्ष की आग में तपकर ही व्यक्ति की सफलता सोने की तरह निखरती है
दिल्ली में प्रशिक्षण के दौरान उन्हें बड़े फैशन और लाइफस्टाइल इवेंट्स में काम करने का अवसर मिला. लाइफस्टाइल फैशन वीक जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. उन्हें बॉलीवुड अभिनेत्री नीतू चंद्रा का मेकअप करने का अवसर मिला, जो उनके करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है. इसके अलावा आज उन्हें कई प्रसिद्ध अभिनेत्रियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और जानी-मानी हस्तियों के साथ काम करने का अवसर लगातार मिल रहा है. उनके काम की गुणवत्ता और समर्पण ने उन्हें कम समय में ही एक अलग पहचान दिला दी है. सबसे प्रेरणादायक बात यह है कि इस क्षेत्र में उन्हें अभी केवल एक वर्ष ही हुआ है लेकिन उन्होंने जितनी तेजी से अपनी पहचान बनाई है, वह उनकी मेहनत और सीखने की इच्छा को दर्शाता है.

वह मानती हैं कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है बल्कि निरंतर मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच ही व्यक्ति को उसके लक्ष्य तक पहुंचाती है. श्वेता राजपूत का सपना केवल अपने करियर तक सीमित नहीं है, उनका लक्ष्य है कि भविष्य में रायपुर में अपना आधुनिक मेकअप एवं ब्यूटी स्कूल या ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करें, जहां विशेष रूप से लड़कियों को प्रोफेशनल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके. वह चाहती हैं कि छोटे शहरों और गांवों की प्रतिभाशाली बेटियों को बड़े शहरों का रुख न करना पड़े, बल्कि उन्हें अपने ही शहर में उच्च स्तर का प्रशिक्षण और बेहतर अवसर मिलें. आज श्वेता राजपूत की यात्रा साबित करती है कि असफलता कभी भी मंजिल का अंत नहीं होती है, बल्कि नई शुरुआत का अवसर होती है. सरकारी नौकरी का सपना अधूरा रहने के बाद भी उन्होंने खुद को निराश नहीं होने दिया और एक नए क्षेत्र में अपनी मेहनत से पहचान बनाई. उनका जीवन संघर्ष, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


