किड्जी बस्ती के नन्हे देशभक्तों ने किया कुछ ऐसा, Crescent Mall में दिखा तिरंगे का अद्भुत उत्सव

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या 14 अगस्त 2026 को शहर के अग्रणी प्री-स्कूल किड्जी बस्ती द्वारा शुक्रवार को स्थानीय क्रिसेंट मॉल में भारत सरकार के हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भव्य एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने तिरंगा हाथों में लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया और उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया.

क्रिसेंट मॉल परिसर गूंज उठा वंदे मातरम से

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और आम जनमानस में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था. आयोजन के दौरान बच्चों की मासूम मुस्कान, हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने क्रिसेंट मॉल के वातावरण को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया. कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों, शिक्षकों और किड्जी बस्ती की टीम द्वारा तिरंगे के साथ जागरूकता गतिविधियों के साथ शुरू हुई. बच्चों ने शिक्षकों के के साथ पूरे क्रिसेंट मॉल का भ्रमण किया और लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के महत्व के बारे में जानकारी दी. बच्चों ने नागरिकों से अपील किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वह अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश के प्रति अपने सम्मान और प्रेम को व्यक्त करें.

इस अवसर पर किड्जी बस्ती के प्रबंधन एवं शिक्षकों ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों के मन में देशप्रेम और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना बचपन से ही विकसित की जानी चाहिए. आज के समय में शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है बल्कि बच्चों को देश, समाज और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है. हर घर तिरंगा जैसे अभियान बच्चों को स्वतंत्रता के महत्व और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं. भ्रमण के दौरान किड्जी बस्ती की ओर से क्रिसेंट मॉल में उपस्थित नागरिकों के बीच राष्ट्रीय ध्वज का वितरण भी किया गया और लोगों से कहा गया कि वे 15 अगस्त को पूरे सम्मान और गरिमा के साथ अपने-अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं तथा राष्ट्रीय ध्वज की मर्यादा का विशेष ध्यान रखें.

हर घर तिरंगा के संदेश से गूंजा क्रिसेंट मॉल

शिक्षकों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व होने के साथ-साथ उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष को याद करने का अवसर भी है जिनके बलिदान के कारण देश को आजादी मिली है. ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को स्वतंत्रता के इतिहास, राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और देश के प्रति अपने कर्तव्यों से परिचित कराया जा सकता है. कार्यक्रम में पूरा क्रिसेंट मॉल भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा. बच्चों के उत्साह और देशभक्ति से प्रभावित होकर मॉल में मौजूद लोगों ने किड्जी बस्ती की इस पहल की खूब सराहना की. कई लोगों ने बच्चों के साथ तिरंगा लेकर तस्वीरें भी खिंचवाईं और इस अभियान को समाज में राष्ट्रप्रेम की भावना को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया. आयोजन का समापन सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर किया.

राष्ट्रगान में बच्चों से लेकर शिक्षकों, अभिभावकों, मॉल के कर्मचारियों और आम नागरिकों तक सभी ने सम्मानपूर्वक सहभागिता ली. इस अवसर पर किड्जी बस्ती ने संदेश दिया कि देशभक्ति की भावना किसी एक दिन तक सीमित नहीं होनी चाहिए बल्कि इसे जीवन के हर क्षेत्र में अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के माध्यम से जीवंत बनाए रखना चाहिए. कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब किड्जी के छोटे-छोटे बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर मॉल में पहुंचे. बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने वहां मौजूद ग्राहकों, दुकानदारों और अन्य नागरिकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया. लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ देशभक्ति के नारों में सहभागिता की. क्रिसेंट मॉल में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल बच्चों के लिए उत्साह और सीख का अवसर बना बल्कि वहां मौजूद प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश भी दे गया. बच्चों की इस देशभक्ति पहल ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या को यादगार बना दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top