राजन इंटरनेशनल एकेडमी में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन का आयोजन सकारात्मक माहौल में किया गया. सम्मेलन में बड़ी संख्या में अभिभावक पहुंचे और अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, रिपोर्ट कार्ड तथा परीक्षा परिणाम की जानकारी प्राप्त की. विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन और बेहतर परीक्षा परिणाम को देखकर अभिभावकों के चेहरे खुशी से खिल उठे. कई अभिभावक अपने बच्चों की उपलब्धियों से भावुक भी नजर आए.
रिपोर्ट कार्ड देखते ही क्यों खिल उठे अभिभावकों के चेहरे
पीटीएम के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की. इस अवसर पर कुछ अभिभावकों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए. विद्यालय प्रबंधन ने सभी सुझावों को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए आवश्यक सुधार और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया. एकेडमी की निदेशक शिखा चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत मेहनत का परिणाम नहीं होती, बल्कि इसके पीछे शिक्षकों का समर्पण और अभिभावकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

राजन इंटरनेशनल एकेडमी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समाज के अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचाना है. इसी उद्देश्य के तहत विद्यालय में विद्यार्थियों से प्रवेश एवं परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाता और यह व्यवस्था आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा. विद्यालय में शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं हैं बल्कि प्रत्येक बच्चे की रुचि, क्षमता और जरूरत को समझते हुए उसे आगे बढ़ाने का प्रयास करते हैं. प्रैक्टिकल और एक्टिविटी आधारित शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों की गहरी समझ विकसित करने तथा पढ़ाई को वास्तविक जीवन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाता है. विद्यालय का उद्देश्य केवल आर्थिक लाभ अर्जित करना नहीं है बल्कि शिक्षा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाना है. उन्होंने कहा कि संस्थान उनके दादाजी के सपने को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है.

BREKING NEWS – बच्चों के भविष्य पर राजन इंटरनेशनल एकेडमी का फोकस
वर्तमान में विद्यालय में 3000 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं जबकि 100 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं आधुनिक शिक्षण तकनीकों के माध्यम से बच्चों को शिक्षित कर रहे हैं. इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक संजीव पाण्डेय ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है. तेजी से बदलते तकनीकी युग में बच्चों को आधुनिक ज्ञान और कौशल से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है. सत्र 2026-27 में कंप्यूटर साइंस के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंग्लिश स्पीकिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि विद्यार्थी भविष्य की शैक्षणिक और व्यावसायिक चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें. प्रधानाचार्य सानू एंटोनी ने बताया कि इस वर्ष आयोजित यूनिट टेस्ट में विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहद उत्साहजनक रहा है. इसी उपलब्धि के साथ अभिभावकों को बच्चों की प्रगति से रूबरू कराने के उद्देश्य से पीटीएम का आयोजन किया गया. विद्यालय में कंप्यूटर कोर्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंग्लिश स्पीकिंग क्लास और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है.

इसके साथ ही विद्यालय से करीब 25 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित परिवहन व्यवस्था विकसित की जा रही है. स्कूल बसों में जीपीएस सिस्टम लगाने की योजना है जिससे अभिभावक अपने बच्चों की यात्रा और सुरक्षा पर नजर रख सकेंगे. विद्यालय में प्रत्येक माह मूल्यांकन परीक्षा और हर तीन माह में शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित की जाती है. इससे विद्यार्थियों की प्रगति पर निरंतर नजर रखने और उनकी कमियों को समय रहते दूर करने में मदद मिलती है. मेधावी और बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को समय-समय पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाता है. राजन इंटरनेशनल एकेडमी में आधुनिक सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया गया है. पीटीएम के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं और अभिभावकों के बीच बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार, रुचि और भविष्य की संभावनाओं को लेकर विस्तार से संवाद हुआ. शानदार परिणाम, आधुनिक शिक्षण पद्धति और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी के बीच आयोजित यह सम्मेलन विद्यालय और अभिभावकों के बीच विश्वास, संवाद और बेहतर समन्वय को मजबूत करने वाला साबित हुआ।

शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


