भक्ति, सेवा और श्रद्धा का दिखा संगम, धार्मिक यात्रा से मिला एकता का संदेश – नीतू जायसवाल

उत्तर प्रदेश – मथुरा, वृंदावन, प्रेम मंदिर, निधिवन और बरसाना की दिव्य यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालुओं की यात्रा राजस्थान के विश्व प्रसिद्ध खाटू श्याम जी मंदिर परिसर पहुँचा. जैसे ही यात्रियों ने मंदिर परिसर में प्रवेश किया चारों ओर “हारे का सहारा‌ बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया.

वृंदावन से लेकर खाटू श्याम तक भक्ति और आनंद का माहौल

इस धार्मिक यात्रा के अवसर पर नीतू जायसवाल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक भ्रमण ही नहीं है बल्कि आत्मा को ईश्वर से जोड़ने वाली आध्यात्मिक साधना है. भगवान श्रीकृष्ण की बाल एवं रास लीलाओं की भूमि वृंदावन, प्रेम और भक्ति का अद्भुत प्रतीक प्रेम मंदिर, रहस्यमयी एवं दिव्य निधिवन तथा श्रीराधा रानी की जन्मभूमि बरसाना का दर्शन जीवन को नई ऊर्जा और सकारात्मकता प्रदान करता है. प्रेम मंदिर की भव्यता के बारे में बताते हुए कहा कि यह मंदिर केवल स्थापत्य कला का अद्भुत उदाहरण ही नहीं है बल्कि भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के दिव्य प्रेम का सजीव प्रतीक भी है. शाम के समय रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता प्रेम मंदिर हर श्रद्धालु के मन को मंत्रमुग्ध कर देता है. मथुरा एक ऐसी पावन भूमि है जहाँ भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार लेकर अधर्म का अंत करने का संदेश दिया.

वहीं वृंदावन प्रेम और समर्पण का केंद्र है जहाँ पर आज भी प्रत्येक कण में श्रीकृष्ण की उपस्थिति का अनुभव होता है. वृंदावन की गलियों में गूंजते राधे-राधे के स्वर मन को अद्भुत शांति प्रदान करते हैं. निधिवन एक ऐसा स्थान है जहां पर श्रद्धा और रहस्य का अद्भुत संगम दिखाई देता है. मान्यताओं के अनुसार आज भी प्रत्येक रात्रि में यहाँ श्रीराधा-कृष्ण रास रचाते हैं, इसलिए सूर्यास्त के बाद इस स्थान पर कोई नहीं रुकता. यह आस्था और विश्वास का ऐसा केंद्र है जो हर भक्त को ईश्वर की दिव्य लीलाओं का स्मरण कराता है. इसके बाद बरसाना की महिमा का उल्लेख करते हुए नीतू जायसवाल ने कहा कि यह श्रीराधा रानी की पावन जन्मस्थली है. बरसाना की पहाड़ियों, आध्यात्मिक वातावरण में भक्तों की शांति का अनुभव होता है. यहाँ की लठमार होली और राधा रानी मंदिर विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं.

प्रेम मंदिर और श्री खाटू श्याम के दर्शन से भक्तों का जीवन हुआ सफल

सभी धार्मिक स्थलों का दर्शन करने के बाद जब यात्रा राजस्थान स्थित श्री खाटू श्याम जी धाम पहुँची, तब श्रद्धालुओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. मंदिर में प्रवेश करते ही भक्तों ने बाबा श्याम के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए और अपने परिवार, समाज तथा राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की. खाटू श्याम जी कलियुग में आस्था और विश्वास के प्रतीक माने जाते हैं हैं. पूर्वजों की मान्यताओं के अनुसार यह कहा गया है कि सच्चे मन से बाबा श्याम का स्मरण करने वाले भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण होती है. खाटू धाम में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु को मानसिक शांति, आत्मिक बल और नई ऊर्जा मिलती है. धार्मिक यात्राएँ केवल मंदिरों के दर्शन तक सीमित नहीं होतीं‌ है

बल्कि वे भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा को समझने का श्रेष्ठ माध्यम होती हैं. ऐसी यात्राएँ लोगों में भाईचारा, सेवा, सद्भाव और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास को मजबूत करती हैं. इस धार्मिक यात्रा में ममता जायसवाल, नीतू सिंह, आरती यादव, कीर्ति मौर्य, अनुष्का सिंह, नेहा मिश्रा, सानू जायसवाल, सुमित गुप्ता तथा अन्य लोग उपस्थित रहे. उन्होंने आगे बाबा खाटू श्याम से सभी भक्तों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अपनी बात का समापन जय श्री राधे, जय श्रीकृष्ण, हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा” के उद्घोष के साथ किया. हम सभी लोगों को अपने जीवन में समय-समय पर ऐसे पवित्र तीर्थों की यात्रा जरूर करनी चाहिए. इससे मन को शांति, जीवन को नई दिशा और ईश्वर के प्रति गहरी आस्था प्राप्त होती है।

 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top