उत्तर प्रदेश, बस्ती – जनसामान्य को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शहर के आदर्श नगर पंचायत क्षेत्र स्थित अटल भवन परिसर में शनिवार को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन कराया गया. निःशुल्क शिविर में नगर क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. पूरे दिन चलने वाले इस स्वास्थ्य अभियान में 217 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श, दवाइयां और उपचार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई.
बस्ती के लोगों के लिए बड़ी राहत, मिली मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त महेश शुक्ला तथा नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित करके किया. लोगों ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान से कम नहीं हैं क्योंकि इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं आसानी से मिल जाती हैं. शिविर में पहुंचे मरीजों की स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ रक्तचाप, ब्लड, शुगर, आंखों की जांच, महिलाओं से संबंधित रोगों की जांच, जोड़ो की जांच सहित विभिन्न प्रकार की चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं थीं.

परीक्षण के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया. चिकित्सकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार अपनाने तथा समय-समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की भी अपील की. निःशुल्क शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं देकर मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने का प्रयास किया और उनके अनुरूप उपचार संबंधी सुझाव दिए. नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति सिंह, लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. हनुमान सिंह, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति सिंह, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. बी.के. पाल तथा जनरल फिजिशियन डॉ. हरिनारायण ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया. सभी डॉक्टरों ने कहा कि समय रहते बीमारी की पहचान होने से गंभीर रोगों से बचाव संभव हो जाता है.

संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना
निःशुल्क शिविर के दौरान अस्पताल के संस्थापक सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि हमारे संस्था का मुख्य उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं है बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी हैं. ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे. बेहतर स्वास्थ्य ही स्वस्थ समाज की पहचान है और इसी सोच के साथ अस्पताल लगातार जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ा रहा है. कई मरीजों ने कहा कि आर्थिक कारणों से वे बड़े अस्पतालों में नियमित जांच नहीं करा पाते हैं लेकिन इस शिविर के माध्यम से उन्हें अनुभवी डॉक्टरों से परामर्श लेने का अवसर मिला. कार्यक्रम के सफल संचालन में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

पूरे शिविर के दौरान मरीजों के पंजीकरण, जांच, परामर्श और दवा वितरण की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी जिससे किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा. निःशुल्क शिविर के अवसर पर समाज के अनेक लोग मौजूद रहे जिनके नाम क्रमशः राजेश पांडेय, सतराम निषाद, विजय साहनी, यशराज, राम सज्जन यादव, तुलसीराम, अखिलेश यादव, संजय सोनकर, बिंदु लाल सोनकर, नियाज अहमद, अनिल श्रीवास्तव, राकेश पांडेय, आशीष सिंह, रंजीत सिंह, रण विजय गौतम, संजय पांडेय, श्रुति अग्रहरी, मकरंद पांडेय, दिनेश पाण्डेय, सतीश मिश्रा, अनुराग द्विवेदी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


