गोरखपुर जिले की रहने वाली नीतू जायसवाल आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं. उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया, जिसकी कल्पना हर महिला अपने जीवन में करती है. उन्होंने मिसेज इंडिया 2024 का खिताब जीतकर अपने परिवार का और पूरे गोरखपुर और उत्तर प्रदेश का नाम भी गौरवान्वित किया है. हाल ही के दिनों में उन्हें एक भव्य बॉलीवुड मंच पर सम्मानित किया गया. जहां उनकी उपलब्धियों का सम्मान किया गया.
नीतू जायसवाल के सपनों को मिली उड़ान
मल्लिका-ए-अवध द्वारा यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें टीवी जगत की अभिनेत्री पूजा गौर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थिति रही. इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया. इसी दौरान नीतू जायसवाल को भी उनके असाधारण योगदान और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया. सम्मान प्राप्त करने के बाद नीतू जायसवाल ने अपने संघर्ष की कहानी साझा करते हुए बताया कि मिसेज इंडिया बनने से पहले वह एक हाउसवाइफ थीं. उनके मन में हमेशा यही सपना था कि वह अपनी एक अलग पहचान स्थापित करें और जीवन में कुछ ऐसा करें जिससे समाज में उनका नाम हो. मैं हमेशा यही सोचती थी कि मेरे अंदर जो भी प्रतिभा छुपी है उसे दुनिया के सामने जरूर लाना चाहिए.

मैंने खुद पर विश्वास करके अपने सपनों को उड़ान देने का निर्णय लिया. कार्यक्रम की संयोजिका श्वेता तिवारी ने मंच से नीतू जायसवाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि नीतू जयसवाल एक कर्मठ, मेहनती और आत्मनिर्भर महिला हैं जिन्होंने अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर संघर्ष किया है. नीतू ने कहा कि किसी भी सफलता के पीछे केवल उस व्यक्ति की मेहनत और परिवार का सहयोग होता है. उनके परिवार और बच्चों ने हर कदम पर उनका साथ दिया. जब भी उन्हें किसी चुनौती का सामना करना पड़ा, उनके परिवार ने उनका हौसला बढ़ाया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. यही कारण है कि आज वह अपने सपनों को साकार करने में सफल हुई हैं.

नीतू जायसवाल की उपलब्धियां देशभर की महिलाओं के लिए बनी प्रेरणा
नीतू जायसवाल की सफलता की कहानी संघर्ष, समर्पण और आत्मविश्वास की कहानी है. उन्होंने अपने जीवन में कभी भी हार नहीं मानी. कठिनाइयों को अवसर में बदलना और चुनौतियों का डटकर सामना करना उनकी सबसे बड़ी विशेषता रही है. यही कारण है कि आज उन्हें सभी कार्यक्रमों में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाता है. मानव जीवन में सकारात्मक सोच सबसे बड़ी ताकत होती है. यदि व्यक्ति अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कठिन परिस्थितियों में भी हार न माने, तो सफलता अवश्य मिलती है. इस बॉलीवुड कार्यक्रम में उपस्थित टीवी अभिनेत्री पूजा गौर और श्वेता तिवारी भी नीतू की प्रेरणादायक कहानी सुनकर काफी प्रभावित हुईं.

उन्होंने नीतू की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज को ऐसी महिलाओं की आवश्यकता है जो अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर नई पीढ़ी को प्रेरित करें. नीतू जायसवाल आज हजारों महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं और उनका जीवन संघर्ष एक अद्भुत मिसाल है. मिसेज इंडिया 2024 का खिताब जीतने के बाद नीतू जायसवाल के जीवन में एक नया अध्याय शुरू हुआ है. नीतू का कहना है कि यह सम्मान केवल उनका ही नहीं, बल्कि उन सभी महिलाओं का है जो अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष करती हैं।
शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


