सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग के इंटरमीडिएट छात्रों ने लहराया सफलता का परचम

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड CBSE के द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम में सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामबाग बस्ती के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करके विद्यालय के साथ-साथ पूरे जिले का नाम गौरवान्वित भी किया है. अधिकतर विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त करके अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. परिणाम की घोषणा होते ही पूरे विद्यालय में प्रसन्नता का माहौल छा गया.

विद्या के मंदिर में खुशी की लहर, परिणाम शत्-प्रतिशत

विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविंद सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय के होनहार छात्र प्रिंस राव ने 97 प्रतिशत अंकों से बस्ती जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. यह विद्यालय की ऐतिहासिक उपलब्धि है, इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है. प्रिंस राव ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनो और नियमित अध्ययन व प्रयास को दिया है. कठिन परिश्रम और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है. प्रिंस राव ने बताया कि वह इंजीनियर के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं. अथर्व शुक्ला ने 94% अंकों श्री विद्यालय में द्वितीय स्थान प्राप्त किया. विद्यालय की छात्रा आराध्या ने 93.80% अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया. विद्यार्थियों की सफलता ने यह साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर किया जाए तो कोई भी मुकाम आसानी से हासिल किया जा सकता है.

विद्यालय के अन्य होनहार छात्र दुर्गेश कुमार, अंजनी पांडेय, प्रांजल पटेल, अंशिका वर्मा, शशांक मिश्रा, विशेष पटेल तथा अन्य छात्रों ने 90% से अधिक अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की. परीक्षा परिणाम घोषणा के बाद विद्यालय में छात्रों और अभिभावकों की भीड़ उमड़ पड़ी. चारों तरफ खुशी और उमंग का वातावरण दिखाई दे रहा था. शिक्षकों ने छात्रों को मिष्ठान खिलाकर बधाई दी और उनके बेहतर भविष्य की कामना की. छात्रों के अभिभावकों ने विद्यालय परिवार और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित वातावरण ही बच्चों की सफलता का रहस्य है.

विद्यालय के छात्रों ने हासिल की बड़ी सफलता

विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष गोपाल गाडिया ने बताया कि आज का यह परिणाम विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता और छात्रों के निरंतर मेहनत का प्रत्यक्ष प्रमाण है. सरस्वती विद्या मंदिर शुरू से ही संस्कार युक्त शिक्षा के साथ छात्रों के विकास के लिए कार्य करता रहा है. उसका परिणाम आज सबके सामने है. विद्यालय के प्रबंधक प्रो. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं है बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण की एक प्रक्रिया है. हमारे विद्यालय में छात्रों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों, और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ शिक्षा दी जाती है. कोषाध्यक्ष प्रहलाद मोदी ने सफल छात्रों को शुभकामनाएं दी और कहा कि आज की सफलता आने वाले छात्रों के लिए प्रेरणा का मंत्र बनेगी.

हमारे विद्यालय में छात्रों को शिक्षा देने के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन का पाठ भी सिखाया जाता है. जिससे छात्र अपने जीवन के हर क्षेत्र में मजबूत हो सके. प्रधानाचार्य गोविंद सिंह ने बताया कि छात्रों की सफलता का मुख्य श्रेय उनके कठिन परिश्रम, अभिभावकों का सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को जाता है. आज के समय में प्रतिस्पर्धा बढ़ती जा रही है, ऐसे समय में छात्रों को समय रहते लक्ष्य निर्धारित करके उस पर मेहनत करनी चाहिए. हमारा विद्यालय विद्यार्थियों को उच्च शैक्षिक वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. आगामी भविष्य में भी हमारा विद्यालय इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देकर शिक्षा जगत में नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top