उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जनपद के रसूलपुर चकिया निवासी मीनू सिंह आज एक सफल मेकअप आर्टिस्ट ब्यूटीशियन और महिला उद्यमी के रूप में अपनी अलग पहचान बना रही हैं. विशेष रूप से वह महाराजगंज जनपद के देवीपुर गांव की रहने वाली हैं. मीनू सिंह ने अपने अथक परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर वह मुकाम हासिल किया है जो आज के महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है.
संघर्ष से सम्मान तक, जानिए मीनू सिंह के बारे में
मीनू सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि जीवन में सफलता का सबसे बड़ा आधार शिक्षा और कौशल होता है. उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय, गोरखपुर से स्नातक (बी.ए.) तथा स्नातकोत्तर (एम.ए.) की शिक्षा प्राप्त की. इसके बाद शिक्षण क्षेत्र में अपनी योग्यता को और मजबूत करने के लिए आगरा विश्वविद्यालय से बी.एड. एवं एम.एड. की डिग्री हासिल की. शिक्षा के साथ-साथ उन्होंने अपने भीतर छिपी कला को भी पहचानते हुए सौंदर्य एवं मेकअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने का निर्णय लिया. अपने सपनों को साकार करने के लिए मीनू सिंह ने दिल्ली से प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट की विशेष ट्रेनिंग प्राप्त की. प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने आधुनिक मेकअप तकनीकों, स्किन केयर, हेयर स्टाइलिंग और ब्राइडल मेकअप की बारीकियों को सीखा. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्होंने अपने अनुभव और कौशल को समाज के हित में उपयोग करने का संकल्प लिया.

महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए उन्होंने वर्ष 2022 में गोरखपुर में एस ब्लू पिंक सैलून की स्थापना की. शुरुआत आसान नहीं थी. सीमित संसाधन, आर्थिक चुनौतियाँ और अनेक कठिनाइयाँ उनके सामने आई, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी. उन्होंने हर चुनौती का सामना धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ किया. अपनी मेहनत, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और ग्राहकों के विश्वास के बल पर उन्होंने अपने सैलून को सफलता की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया. उनके द्वारा स्थापित किया हुआ एस ब्लू पिंक सैलून केवल एक ब्यूटी पार्लर नहीं है बल्कि अब उनका सैलून महिलाओं के लिए सीखने, आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को साकार करने का एक मंच बन चुका है. उनका उद्देश्य केवल सौंदर्य सेवाएँ प्रदान करना नहीं है बल्कि महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार देना भी है. उनके मार्गदर्शन में कई महिलाओं ने मेकअप और ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने जीवन में नई शुरुआत की है.

सम्मान की चमक के पीछे छिपी संघर्ष की अनकही कहानी
गोरखपुर में आयोजित बॉलीवुड इवेंट, ब्यूटी एक्सपो 2026 में मीनू सिंह ने मेकअप का ब्यूटी के क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां लोगों से साझा की. उन्होंने युवाओं और महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा और कौशल ही व्यक्ति को सफलता की वास्तविक पहचान दिलाते हैं. यदि व्यक्ति सीखने की इच्छा रखे और निरंतर मेहनत करता रहे, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता है. गोरखपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में मीनू सिंह के उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों को सम्मानित करते हुए प्रसिद्ध अभिनेत्री जीविधा शर्मा ने उन्हें सम्मान एवं अवार्ड प्रदान किया. यह सम्मान उनके वर्षों के परिश्रम और समर्पण का प्रमाण है. इसके अतिरिक्त उन्हें विभिन्न मंचों पर कई प्रतिष्ठित हस्तियों द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है.

लोकप्रिय कलाकार निमकी मुखिया से प्राप्त सम्मान उनके लिए गर्व का विषय रहा है. वहीं वाराणसी में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री महिमा चौधरी ने भी उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इसके अलावा प्रसिद्ध कलाकार फिरोज खान द्वारा भी उन्हें सम्मान प्राप्त हो चुका है. ये सभी सम्मान उनके निरंतर उत्कृष्ट कार्य, सामाजिक योगदान और पेशेवर दक्षता का प्रमाण हैं. मीनू सिंह की सफलता की कहानी हर उस महिला के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को आकार देना चाहती है. महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में उनका योगदान सदैव सराहनीय रहेगा।

शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


