पृथ्वी के भविष्य के लिए जी.वी.एम. कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों की बड़ी पहल, सामने आया खास संदेश

जी.वी.एम. कॉन्वेंट स्कूल, बस्ती में विश्व ओज़ोन दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग एवं जागरूकता के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को ओज़ोन परत के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा पृथ्वी को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक करना था. इस अवसर पर विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा के माध्यम से ओज़ोन संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का प्रभावशाली संदेश दिया.

पृथ्वी के लिए उठी आवाज़, GVM में दिखा पर्यावरण का जुनून

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रीना पाठक, प्राचार्या के.डी.सी. द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया. इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने ओज़ोन परत के महत्व और उसके संरक्षण की आवश्यकता पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए. बच्चों ने पोस्टर, आकर्षक मॉडल एवं भाषण के माध्यम से उपस्थित लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया. विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के सुंदर एवं आकर्षक मॉडलों की प्रदर्शनी भी लगाई गई. बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का परिचय देते हुए ओज़ोन परत, पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग तथा पृथ्वी को सुरक्षित रखने से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किए.

प्रदर्शनी में विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडल कार्यक्रम में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे और उपस्थित लोगों ने उनकी सराहना की. कार्यक्रम के दौरान भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने ओज़ोन परत के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी के भविष्य से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए. अंशिका, प्रियांश और सादिया ने अपने ओजस्वी एवं प्रभावशाली भाषणों से उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया. विद्यार्थियों ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से यह संदेश दिया कि पर्यावरण की रक्षा केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है.

आसमान की सुरक्षा का संकल्प… बच्चों ने उठाया बड़ा कदम

मुख्य अतिथि डॉ. रीना पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि ओज़ोन परत पृथ्वी के लिए एक सुरक्षा कवच के समान है, जो सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों से जीव-जगत की रक्षा करती है. उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने और अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से प्रकृति के संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया और आगे कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझे और प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है. विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया. मॉडल एवं प्रस्तुति प्रतियोगिता में हर्षिता एंड ग्रुप तथा जानवी एंड ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं अविका एंड ग्रुप तथा आकाश एंड ग्रुप ने द्वितीय स्थान हासिल किया. जय एंड ग्रुप तथा हर्ष एंड ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.

विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उत्साह एवं प्रतिभा की सराहना की गई. विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना को और मजबूत किया. बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि यदि बचपन से ही पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित किए जाएं, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है. कार्यक्रम का सफल संचालन राकेश श्रीवास्तव एवं साकेत मिश्रा ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. इस अवसर पर राकेश, साकेत, सना, नीरज, अलीशा, राजेश, गिरीश, मनीष, अनूप, अमन, सावित्री, महिमा, सावित्री समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे. विश्व ओज़ोन दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ प्रेरणादायक भी रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top