खुशी बाला ने लखनऊ में ऐसा क्या कर दिखाया कि हर तरफ होने लगी चर्चा, जानिए पूरी खबर

सपने देखने के लिए बड़े शहर की जरूरत नहीं होती है, उन्हें पूरा करने के लिए जुनून, मेहनत और खुद पर विश्वास जरूरत होती है. उत्तर प्रदेश के एक छोटे से गाँव महसी से निकलकर मॉडलिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ रहीं 18 वर्षीय खुशी बाला इसकी शानदार मिसाल बनकर सामने आई हैं. सीमित संसाधनों और छोटे शहर की पृष्ठभूमि के बावजूद खुशी ने अपने सपनों को कभी सीमित नहीं होने दिया. अभी जल्द ही लखनऊ में आयोजित पहल फाउंडेशन के डिजाइनर एंड मॉडल ड्रीम नाइट – सीजन 6 में उन्होंने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और शानदार प्रस्तुति से सबका ध्यान आकर्षित किया और शो टॉपर का खिताब अपने नाम किया.

18 साल की खुशी ने मॉडल्स के बीच मारी बाजी, शो टॉपर बनकर बटोरी सुर्खियाँ

पहल फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह भव्य फैशन एवं मॉडलिंग कार्यक्रम लखनऊ में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. कार्यक्रम में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में शामिल हुईं. उनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया. फैशन, ग्लैमर और प्रतिभा से सजे इस आयोजन में कई उभरते हुए मॉडल्स और डिजाइनर्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. इसी मंच पर खुशी बाला ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ रैंप वॉक पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर शो टॉपर का खिताब हासिल किया. खुशी बाला की कहानी इसलिए खास है क्योंकि उन्होंने अपने सफर की शुरुआत किसी बड़े महानगर या फैशन इंडस्ट्री के मजबूत बैकग्राउंड से नहीं की. उत्तर प्रदेश के छोटे गाँव महसी से आने वाली खुशी ने सीमित सुविधाओं के बीच मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखा. जहां कई बार छोटे शहरों और गाँवों से आने वाले युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त संघर्ष करना पड़ता है,

वहीं खुशी ने परिस्थितियों को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. उन्होंने लगातार मेहनत, सीखने की इच्छा और आत्मविश्वास के साथ अपने कदम मॉडलिंग की दुनिया की ओर बढ़ाए. मॉडलिंग के सफर में खुशी को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा. नए क्षेत्र में अपनी जगह बनाना, मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करना और बड़े आयोजनों का हिस्सा बनना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने हर चुनौती को रुकावट के बजाय सीखने का अवसर माना. उनके इसी सकारात्मक नजरिए ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. धीरे-धीरे उन्होंने अपने व्यक्तित्व, रैंप वॉक और प्रस्तुति पर काम किया और आज वह एक ऐसे मुकाम पर पहुंच रही हैं, जहां उनकी मेहनत को मंच पर पहचान मिल रही है.

लखनऊ के मंच पर मिला मेहनत का सबसे बड़ा इनाम

खुशी बाला अपने इस सफर में पहल फाउंडेशन की फाउंडर एवं प्राइड ऑफ पूर्वांचल स्नेहा वर्मा के सहयोग को भी बेहद महत्वपूर्ण मानती हैं. स्नेहा वर्मा ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रेरित किया और उनका हौसला बढ़ाया. प्रतिभाओं को मंच देने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराने के लिए पहल फाउंडेशन की भूमिका भी इस आयोजन में महत्वपूर्ण रही. कार्यक्रम के दौरान स्नेहा वर्मा ने सभी प्रतिभागियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रतिभा को सही मंच और प्रोत्साहन मिलने पर युवा अपने सपनों को नई उड़ान दे सकते हैं. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और सभी से पहल फाउंडेशन को निरंतर अपना सहयोग एवं समर्थन देते रहने की अपील की.

खुशी बाला के लिए शो टॉपर का खिताब केवल एक पुरस्कार नहीं है बल्कि उनके संघर्ष और मेहनत की पहचान है. खुशी का सपना मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश के बड़े फैशन शो, प्रतिष्ठित ब्रांड्स और राष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बनाना है. वह चाहती हैं कि आने वाले समय में उनकी पहचान एक सफल मॉडल के रूप में बने और वह उन युवाओं के लिए प्रेरणा बनें. खुशी का कहना है कि सपनों की ऊंचाई जगह से नहीं, बल्कि इंसान के हौसले से तय होती है. अगर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर लगातार कदम बढ़ाए जाएं, तो छोटे से गाँव से निकलकर भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top