उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की रहने वाली बॉलीवुड मेकअप आर्टिस्ट में दिव्या वर्मा आज अपनी प्रतिभा के बल पर मेकअप जगत में अलग पहचान स्थापित कर रही है. अपनी कला से उन्होंने न केवल गोरखपुर बल्कि पूरे पूर्वांचल का नाम रोशन करके दिखाया है. सफलता की नई ऊंचाइयों को छूने वाली दिव्या वर्मा आज उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है जो मेकअप और ब्यूटी जगत में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं.
गोरखपुर की बेटी ने बस्ती में किया बड़ा कमाल, बॉलीवुड एक्ट्रेस ने दिया खास अवार्ड
इसी क्रम में बस्ती जिले में पहल फाउंडेशन द्वारा बॉलीवुड मेकअप सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में बॉलीवुड मेकअप आर्टिस्ट दिव्या वर्मा को आमंत्रित किया गया. उनके आगमन पर आयोजकों और स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया. तालियों की गूंज के बीच दिव्या वर्मा का अभिनंदन किया गया जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और ऊर्जा से भर गया. सेमिनार कार्यक्रम के दौरान दिव्या वर्मा ने लाइव मेकअप डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत किया. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आधुनिक मेकअप तकनीक, स्किन प्रिपरेशन, फेस स्ट्रक्चर के अनुसार मेकअप करना, ब्राइडल लुक, पार्टी मेकअप और अन्य मेकअप की बारीकियों की विस्तृत जानकारी दी.

उन्होंने आगे बताया कि मेकअप केवल चेहरे को सुंदर बनाने की कला नहीं है बल्कि यह आत्मविश्वास को बढ़ावा देने और उनके व्यक्ति को निखारने का माध्यम भी है. उन्होंने वहां पर उपस्थित सभी युवाओं से कहा कि यदि आप इस क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं तो आप लोगों को लगातार प्रयास करते रहना होगा और नई तकनीकों की समझ रखनी होगी. दिव्या वर्मा ने अपने कई वर्षों का अनुभव साझा करते हुए बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है. हर कलाकार को अपने काम के प्रति ईमानदार रहना चाहिए और सीखने की प्रक्रिया कभी नहीं छोड़नी चाहिए. उन्होंने युवा प्रतिभाओं के बारे में कहा कि हमारे शहरों और कस्बों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की है.

दिव्या वर्मा की कला को देखकर दंग रह गए लोग
बस्ती में आयोजित कार्यक्रम की आकर्षण का केन्द्र बॉलीवुड अभिनेत्री जीविधा शर्मा थी. फिल्म ‘यह दिल आशिकाना’ से अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री जीविधा शर्मा ने कार्यक्रम में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया. उन्होंने दिव्या वर्मा की कला और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में प्रतिभा और समर्पण ही किसी व्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं. दिव्या वर्मा ने अपनी मेहनत के दम पर मेकअप जगत में जो मुकाम हासिल किया है वह निश्चित रूप से अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक है. इस अवसर पर जीविधा शर्मा ने दिव्या वर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्यों और मेकअप इंडस्ट्री में योगदान के लिए अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया.

सम्मान प्राप्त कर लेने के बाद दिव्या वर्मा ने आयोजकों, पहल फाउंडेशन और उपस्थित सभी लोगों का विशेष आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है और इससे उन्हें आगे भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मेकअप आर्टिस्ट, ब्यूटी एक्सपर्ट, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र की गणमान्य लोग उपस्थित दिखें. कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने दिव्या वर्मा से मेकअप संबंधित कई प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरलता पूर्वक और व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया. आयोजकों के अनुसार इस सेमिनार का उद्देश्य युवाओं को नए रोजगार के अवसरों के बारे में अवगत कराना था. आज के समय में मेकअप और ब्यूटी इंडस्ट्री तेजी से विकसित हो रही है और इसमें युवाओं के लिए बेहतर और प्रभावी संभावनाएं मौजूद हैं. बस्ती में आयोजित सेमिनार न केवल मेकअप की कला को बढ़ावा देने में सफल रहा बल्कि युवाओं को अपने सपने साकार करने के लिए नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भी प्रदान करेगा।

शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


