बस्ती शहर में 1 जून 2026 को माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट परीक्षा प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के उद्देश्य से दिन सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार बस्ती में छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस समारोह के अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.
जिलाधिकारी एवं प्रभारी मंत्री ने छात्राओं को किया सम्मानित
प्रतिभा सम्मान समारोह में एसएनएसबी इंटर कॉलेज, डुहवा मिश्र की दो होनहार छात्राओं ने अपनी उल्लेखनीय प्रतिभा से विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन किया. विद्यालय की होनहार छात्रा सृष्टि मिश्रा ने 2026 बोर्ड परीक्षा में 95% अंक प्राप्त करके पूरे जनपद में पांचवां स्थान प्राप्त किया, जबकि विद्यालय की दूसरी मेधावी छात्रा पायल चौरसिया ने 94.5 % अंक अर्जित करके पूरे जनपद में छठवां स्थान हासिल किया. दोनों प्रतिभाशाली छात्राओं की इस शानदार सफलता पर पूरे विद्यालय परिसर में हर्ष और गौरव का वातावरण छाया हुआ है. इस समारोह में दोनों मेधावी छात्राओं को जिलाधिकारी महोदय द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया. समारोह में उपस्थित प्रभारी मंत्री श्री महेश शुक्ला जी ने दोनों छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं 21-21 हजार रुपये का चेक देकर उनके मंगल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र हमारे समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला होते हैं.

कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि जनपद के मेधावी विद्यार्थी अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं. उन्होंने आगे सम्मानित विद्यार्थियों से अपेक्षा जताई कि वे आगे भविष्य में भी इसी प्रकार शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद, प्रदेश और अपने राष्ट्र का नाम रोशन करेंगे. इस कार्यक्रम के अवसर पर छात्राओं के अभिभावक भी उपस्थित दिखें और उन्होंने अपनी बेटियों की शैक्षणिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के शिक्षकों का आभार प्रकट किया और कहा कि विद्यालय परिवार के द्वारा प्रदान किया गया सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण ही छात्रों की सफलता में मुख्य कारण है.
विद्यालय की होनहार बेटियों ने बढ़ाया जनपद का मान
अभिभावकों ने शिक्षकों की अहम भूमिका की भी सराहना की और कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग से आज विद्यार्थी सफलता प्राप्त कर रहे हैं. इस सम्मान समारोह कार्यक्रम में एसएनएसबी इंटर कॉलेज के प्रबंधक श्री के. के. मिश्रा, कोऑर्डिनेटर श्री दीप नारायण मिश्र तथा प्रधानाचार्य श्री नरसिंह नारायण पाण्डेय भी उपस्थित दिखें. विद्यालय परिवार ने छात्राओं की शानदार सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया और प्रबंधक श्री के. के. मिश्रा ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा. उन छात्रों की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है.

कोऑर्डिनेटर श्री दीप नारायण मिश्र ने छात्रों की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सृष्टि मिश्रा और पायल चौरसिया ने अपने कठिन परिश्रम और नियमित अध्ययन के बल पर यह उपलब्धि प्राप्त की है. विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरसिंह नारायण पाण्डेय ने कहा कि हमारे विद्यालय का उद्देश्य केवल छात्रों के परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं होता बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण व नैतिक मूल्यों के विकास पर भी ध्यान दिया जाता है. उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय के सभी शिक्षक छात्रों को निरंतर प्रोत्साहित करते रहते हैं जिससे वे छात्र अपनी प्रतिभा को पहचान सकें और जीवन में आगे बढ़ सकें. इस सम्मान समारोह में सम्मान प्राप्त करने वाले छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई. छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा विद्यालय परिवार को दिया।
शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


