हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्रों का प्रतिभा सम्मान समारोह – डॉ. विजय प्रकाश वर्मा

बस्ती जिले का एकमात्र प्रतिष्ठित विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती में यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में शानदार प्रतिभा प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों के सम्मान में 16 मई को एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित की गई. इस समारोह में शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखने को मिली. पूरे दिन विद्यालय परिसर में उत्साह, गर्व व गौरव का वातावरण दिखाई दिया.

राजकीय इंटर कॉलेज बना- शिक्षा और संस्कार का केंद्र

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित व पुष्प अर्पित करके की गई. इस शुभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह और विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विजय प्रकाश वर्मा व सभी शिक्षकगण मौजूद दिखाई दिए. दीप प्रज्वलन के बाद हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सभी अभिभावकों और छात्रों के चेहरे पर खुशियां साफ-साफ दिखाई दे रही थी. अभिभावकों ने अपने बच्चों की सफलता पर गर्व महसूस किया और विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की. जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी विद्यार्थी की सफलता केवल उसके प्रयासों का परिणाम नहीं होता

बल्कि उसमें शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों की सहयोग की अहम भूमिका छिपी होती है. शिक्षा ही जीवन का सबसे बड़ा आधार है. जो विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते हैं वही अपने जीवन में सफलता प्राप्त करके परिवार व समाज का नाम रोशन करते हैं. विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विजय प्रकाश वर्मा ने छात्रों को सम्मानित करते हुए कहा कि हमारे विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन एवं संस्कारों पर विशेष ध्यान दिया जाता है जिसका सकारात्मक प्रभाव छात्रों के परिणाम पत्र में साफ-साफ दिखाई दे रहा है. मेहनत, परिश्रम और आत्मविश्वास के दम पर किसी भी लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है.

होनहार छात्रों के सम्मान में गूंज उठा विद्यालय परिसर

हमारा विद्यालय परिवार छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा प्रयासरत रहता है. उन्होंने आगे कहा कि आज के दौर में प्रतिस्पर्धा लगातार बढती जा रही है, ऐसे समय में छात्रों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखा जाए बल्कि उन्हें ज्ञान, व्यवहार और कौशल पर भी ध्यान देना चाहिए. सोशल मीडिया व मोबाइल का अनावश्यक उपयोग नहीं करना चाहिए और निर्धारित समय में अपने लक्ष्यों को पूरा करना चाहिए. विद्यालय के अध्यापकों ने सभी सफलता प्राप्त छात्रों को शुभकामनाएं दी और कहा कि विद्यालय में आयोजित होने वाला यह प्रतिभा सम्मान समारोह छात्रों के मनोबल को बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और अन्य छात्रों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा. शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का एक माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज को बेहतर दिशा देने का सबसे बड़ा साधन है. हाईस्कूल में सम्मान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों के नाम अशोक कुमार, विवेक, सूरज, दीपक सिंह और इंटरमीडिएट के मेधावी छात्रों के नाम अविनाश, आनंद वर्मा, कुंवर विवेक सिंह, अंकित शर्मा, सुरभित सोनी, राजेश कुमार चौधरी, रुद्र प्रताप श्रीवास्तव, शिवम गुप्ता, मोहम्मद कौसन, सुमित शर्मा जैसे छात्रों ने बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करके जनपद में विद्यालय का मान बढ़ाया.

समारोह में शिक्षक राहुल तिलौलिया, धनंजय कुमार, मनीष कुमार गौड़, सत्येंद्र पटेल, अजय कुमार, राजेश सिंह, यशदीप श्रीवास्तव, विवेक मणि त्रिपाठी, चन्द्रभान पाण्डेय, राजेश कुमार , रमेश चन्द्र, अजय शर्मा, अजय प्रकाश लाल, अमित यादव व अन्य लोग उपस्थित रहे. समारोह का संचालन मृत्युंजय कुमार के द्वारा किया गया. उनके ओजस्वी भाषण ने सभी को एकता के डोर में बांधे रखा. विद्यालय में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के 10 मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के साथ-साथ गृह परीक्षा वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया. जिसमें कक्षा 6, 7, 8, 9 व 11 के मेधावी छात्र सम्मानित हुए. कार्यक्रम के अंत में मेधावी छात्रों का शुभकामनाएं देते हुए उनके मंगल भविष्य की कामना की गई और उन्हें आगे मेहनत और लगन से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top