कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और गैस की कमी को लेकर बस्ती क्षेत्र में व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सबके सामने आया. जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सभी व्यापारियों ने मिलकर विरोध प्रदर्शन करके भारत सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की. लाल बहादुर शास्त्री चौक से जिला अधिकारी कार्यालय तक विशाल जनरैली निकली गई, जिसमें भारी संख्या में व्यापारी, होटल संचालक, कैटरिंग व्यवसाय, ठेला-फेरी तथा अन्य छोटे उद्योगों से जुड़े हुए लोग शामिल हुए.
बस्ती के व्यापारियों ने पुतला फूंक कर किया विरोध प्रदर्शन
विरोध प्रदर्शन के दौरान सभी व्यापारियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में पुतला फूंका और सरकार से तत्काल राहत देने की आवश्यक मांग की. बस्ती के व्यापारियों का कहना है कि 1 मई 2026 को कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत अचानक से बढ़ गई जिससे व्यापार जगत में लोगों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया. विशेष कर छोटे और मिडिल वर्ग के व्यापारी, होटल ढाबा एवं रेस्टोरेंट के संचालक, मिठाई दुकानदार व कुटीर उद्योगों से संबंधित लोग इस बढ़ोतरी से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं. व्यापारियों का कहना है कि पहले से ही बाजार में महंगाई है और अब इस गैस सिलेंडर की बढ़ोतरी ने हमारे कमर को तोड़ दी है. जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि सरकार के वर्तमान फैसले के कारण व्यापारियों का अस्तित्व खतरे में आ चुका है.

गैस सिलेंडर में लगातार बढ़ोतरी होने से व्यापारियों का व्यापार चलाना मुश्किल हो गया है. कई व्यापारियों को अपना व्यवसाय बंद करने की नौबत आ चुकी है और पहले से ही गैस सिलेंडर की उपलब्धता पर्याप्त नहीं है जिसके कारण व्यापारियों को समय से सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं. जिसकी वजह से होटल, रेस्टोरेंट और खानपान से जुड़े व्यवसाय पर सीधा प्रभाव पड़ रहा है. व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी के कार्यालय पहुंचा और वहां पर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया. जिसमें व्यापारियों ने सरकार से कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को तत्काल वापस लेने की मुख्य मांग की है. व्यापारियों को कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो हजारों व्यापारियों और श्रमिकों के सामने आर्थिक संकट की समस्या उत्पन्न हो सकती है.

शर्तें न पूरी होने पर भविष्य में व्यापक आंदोलन
ज्ञापन में ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाने की मांग की गई क्योंकि वर्तमान ऑनलाइन प्रक्रिया जटिल होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है. इतना ही नहीं बल्कि व्यापारियों ने सरकार से वैकल्पिक ईंधन व्यवस्था पर अनुसंधान करने के लिए समिति गठित करने ने की विशेष मांग की. ताकि भविष्य में व्यापारियों को अन्य समस्याओं का सामना ना करना पड़े. कमर्शियल गैस सिलेंडर पर लगाए गए 18% जीएसटी को कम करके 5% करने की मांग की गई. अधिक जीएसटी के कारण ही सिलेंडर महंगे हो गए हैं जिसका सीधा असर आम नागरिकों को झेलना पड़ रहा है. अस्पताल, स्कूल, सामाजिक आयोजन व सार्वजनिक सेवाओं के लिए कमर्शियल गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए. व्यापारियों ने सिलेंडर की कालाबाजारी पर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई करने की मांग की.

व्यापारियों ने कहा कि अगर हमारी मांगों पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में आंदोलन और भी व्यापक रूप ले लेगा. सरकार को व्यापारियों की समस्याओं को समझना चाहिए क्योंकि व्यापारी ही देश की आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ होती है. कमर्शियल गैस सिलेंडर के विरोध प्रदर्शन में जिला महामंत्री आलोक कुमार दुबे, जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी बस्ती हरि मूर्ति सिंह मनोज, प्रदेश उपाध्यक्ष परमात्मा प्रसाद मद्धेशिया, जिला संगठन महामंत्री भरत राम गुप्ता बबलू, नगर अध्यक्ष राणा महेंद्र प्रताप, नगर महामंत्री धीरेंद्र कुमार चौधरी, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह, उद्योग मंच जिला अध्यक्ष कमलेश चौधरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष बंदना वर्मा तथा बड़ी संख्या में सभी व्यापारी मौजूद रहे।
शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


