एक कार्यक्रम, कई सामाजिक संदेश और तीज का उत्सव… जानिए आखिर बस्ती में क्या रहा खास

अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन बस्ती के तत्वावधान में जेपी रेस्टोरेंट में आयोजित चेयरमैन विजिट एवं तीज उत्सव कार्यक्रम उत्साह और सामाजिक सरोकारों के वातावरण में संपन्न हुआ. इस अवसर पर लखनऊ, महाराष्ट्र और कोलकाता से पधारे राष्ट्रीय स्तर के चेयरमैनगण ने बस्ती की गतिविधियों का निरीक्षण किया और संस्था द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की.

तीज के रंग में रंगा अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन एवं दीप उत्सव के साथ किया गया. इसके पश्चात उपस्थित मुख्य अतिथियों एवं चेयरमैनगण का आत्मीय स्वागत हुआ. ढोल की थाप, उत्साहपूर्ण वातावरण और पुष्पों की वर्षा के बीच चेयरमैनगण का अभिनंदन किया गया. इस मनमोहक स्वागत ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की. राष्ट्रीय चेयरमैनगण ने बस्ती क्लब की कार्यप्रणाली, सामाजिक गतिविधियों एवं सदस्यों द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की. औपचारिक बैठक के दौरान क्लब की ओर से वर्षभर किए जा रहे कार्यों के साथ-साथ भविष्य में प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स का भी विस्तार से विवरण प्रस्तुत किया गया. चेयरमैनगण ने महिला शक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति बस्ती की सक्रियता को सराहनीय बताया.

क्लब द्वारा समाजहित में किए गए प्रमुख कार्यों में सामाजिक सहयोग विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा. संस्था ने एक गरीब कन्या, जिनके पिता नहीं हैं, के विवाह के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया. इसी क्रम में शिक्षा सहायता के अंतर्गत एक जरूरतमंद छात्रा की विद्यालय फीस में योगदान दिया गया जिससे उसकी शिक्षा निरंतर जारी रह सके. छात्राओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए क्लब ने साइकिल वितरण का भी सेवा कार्य किया. पढ़ाई के लिए विद्यालय आने-जाने में असुविधा का सामना कर रही एक छात्रा को साइकिल प्रदान की गई. इस पहल का उद्देश्य बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना भी रहा.

सामाजिक सहयोग, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण में किए गए कार्य

पर्यावरण संरक्षण में भी बस्ती इकाई ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया. सदस्यों द्वारा मंजिरी का वितरण किया गया तथा लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित किया गया. साथ ही प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के उद्देश्य से प्लास्टिक बहिष्कार अभियान चलाया गया. इस अभियान के अंतर्गत लोगों को कपड़े की थैलियां वितरित कर पर्यावरण के प्रति जागरूक कराया गया. दीप उत्सव के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए. एक छोटी बच्ची ने अहिगिरी नंदिनी पर सुंदर गीत प्रस्तुत कर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया. उसकी मनमोहक प्रस्तुति को खूब सराहा गया और उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उसका उत्साहवर्धन किया गया. बैठक के बाद तीज उत्सव बड़े उल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया.

सभी महिला सदस्यों ने मेहंदी रचाई, पारंपरिक श्रृंगार किया और तीज के रंग में रंगकर नृत्य एवं गीत-संगीत का आनंद लिया. विभिन्न मनोरंजक खेलों और गतिविधियों में भी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. पूरे आयोजन में भारतीय संस्कृति और महिला एकता की सुंदर झलक देखने को मिली. इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी उपस्थित सदस्यों को तीज के उपहार भेंट किए गए. इसके बाद सभी ने एक साथ बैठकर स्नैक्स का आनंद लिया और आपसी सौहार्द एवं प्रेम के वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ. इस विशेष अवसर पर पारुल टिबड़ेवाल, आभा, पूनम, प्रीति, नीतू, राधा, आकांक्षा, रश्मि, आयुषी, तनुश्री, ममता, सृष्टि, सोनी, गौरांगी, सोनल, नम्रता, शिप्रा, रचना, निकिता, शिखा, प्रियंका सहित अन्य लोग उपस्थित दिखें. कार्यक्रम ने महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक परंपराओं और सामूहिक एकता का प्रभावशाली संदेश दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top