रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से वर्षों से कार्य करने वाले सामाजिक संस्था नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ एक्टिविस्ट्स (निफा) ने पूरे प्रदेश में रक्तदान जागरूकता और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तवीरों और सामाजिक संस्थाओं को एक ऐतिहासिक मंच पर सम्मानित किया. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित संवेदना-2 सम्मान समारोह प्रदेश ही के साथ साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए समाजसेवियों, रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणादायी अवसर साबित हुआ.
भव्य सम्मान समारोह में रक्तवीरों को मिला वैश्विक सम्मान
राजधानी लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन, रक्तदान के प्रति जागरूकता तथा सामाजिक सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले रक्तवीरों को निफा की ओर से नेशनल इम्पैक्ट सोशल अवॉर्ड तथा इंग्लैंड की प्रतिष्ठित संस्था की ओर से वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड सम्मान दिया गया. एक ही मंच पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के दो सम्मानों से सम्मानित होने पर रक्तवीरों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला. इस समारोह की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान रहीं.

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के राज्य मंत्री वैश्य नटवर गोयल, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल, वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड के वाइस चेयरमैन संजय पांजवानी, निफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अश्विनी शेट्टी, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, स्माइल मैन सर्वेश अस्थाना, सोटो के संयुक्त निदेशक डॉ. हर्षवर्धन द्विवेदी सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे. इस कार्यक्रम में दिलीप कुमार दुबे और ई. राजीव गोयल को वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड की ओर से एक विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया.
रक्तदान जागरूकता अभियान को मिली नई उड़ान
दोनों समाजसेवियों के वर्षों से रक्तदान जागरूकता अभियान, रक्तदान शिविरों के आयोजन तथा मानव सेवा के प्रति समर्पित रहने के कारण अतिथियों ने खुब प्रशंसा की. कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं है बल्कि यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है. उन्होंने आगे सभी युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया और अंगदान के प्रति भी समाज में व्यापक जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया. एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचा सकता है और यही सेवा समाज को नई दिशा देती है. लखनऊ में आयोजित इस सफर समझ में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार दुबे, माधव श्याम त्रिपाठी, डॉ. अंजू सिंह, परमजीत सिंह जग्गी, आलोक अग्रवाल, ई. राजीव गोयल, सचिन श्रीवास्तव, अमित गुप्ता तथा निफा परिवार के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल रहे.

डायरेक्टर दिलीप कुमार दुबे ने कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए निफा द्वारा चलाए जा रहे रक्तदान अभियान की उपलब्धियों की सराहना की. वहीं दूसरी ओर डॉ. अश्विनी शेट्टी ने संवेदना अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि हमारे संस्था का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक जिले में स्वैच्छिक रक्तदान की मजबूत व्यवस्था विकसित करना और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ना है. लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में फेस के अलग-अलग राज्यों से आए हुए निफा के पदाधिकारियों और रक्तवीरों की उपस्थिति ने समारोह को आकर्षक बना दिया. हरियाणा के राज्य अध्यक्ष श्रवण शर्मा, पंजाब के राज्य अध्यक्ष सचप्रीत सिंह, झारखंड के राज्य अध्यक्ष कुंदन तिवारी तथा पठानकोट के दीपक वालिया सहित अन्य राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने रक्तदान अभियान को प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


