उत्तर प्रदेश – बस्ती, नेशनल प्रेस क्लब की जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक रविवार तारीख 5 जुलाई को जिलाध्यक्ष संतोष सिंह की अध्यक्षता में आवास विकास स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित की गई. इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन के विस्तार, नए सदस्यों के पंजीकरण, परिचय-पत्र वितरण, कार्यकारिणी चुनाव की प्रक्रिया तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. इस कार्यक्रम में क्लब के संरक्षक अशोक श्रीवास्तव, संस्थापक अध्यक्ष राजेन्द्रनाथ तिवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और पदाधिकारी उपस्थित दिखे.
अगस्त आखिरी सप्ताह मे होगा कार्यकारिणी का चुनाव
बैठक की शुरुआत में संरक्षक अशोक श्रीवास्तव ने संगठन के वर्तमान कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए कहा कि नेशनल प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों की रक्षा और पत्रकारिता के मूल्यों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रहा है. संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है. संस्थापक अध्यक्ष राजेंद्रनाथ तिवारी ने वर्तमान समय में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर अपनी चिंता व्यक्त की और कहा कि आज का समय काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है. पत्रकारिता की नई विधाओं और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता को बनाए रखना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. कुछ लोगों के गैर-जिम्मेदाराना आचरण के कारण पत्रकारिता की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है.

ऐसे समय में सभी पत्रकारों का दायित्व है कि वे सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे उच्च आदर्शों को अपनाते हुए अपने पेशे की गरिमा को बनाए रखें. इस बैठक के दौरान सदस्यता अभियान को लेकर भी चर्चाएं हुई. कई पत्रकारों ने सुझाव यह भी दिया कि अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ने के के लिए सदस्यता अभियान की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए. सदस्यों के सुझाव पर विचार करते हुए संरक्षक अशोक श्रीवास्तव ने सर्वसम्मति से सदस्यता अभियान की अवधि बढ़ाकर 31 जुलाई तक करने की घोषणा की और बताया कि अगस्त के प्रथम सप्ताह में सभी पात्र सदस्यों को परिचय-पत्र जारी कर दिए जाएंगे तथा संगठन की अंतिम सदस्य सूची भी प्रकाशित कर दी जाएगी.

बैठक में संगठन विस्तार और चुनावी रोडमैप पर लगी मुहर
अशोक श्रीवास्तव ने आगे जानकारी आगे जानकारी देते हुए बताया कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव किया जाएगा और हमारा संगठन पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा चुनाव निष्पक्ष और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराए जाएंगे. उन्होंने सभी पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि वे सदस्यता अभियान को गति दें और अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ने का प्रयास करें. संरक्षक अशोक श्रीवास्तव ने बैठक में वर्तमान सामाजिक और वैचारिक परिस्थितियों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समाज में वैचारिक दरिद्रता का दौर देखने को मिल रहा है. ऐसे कठिन समय में पत्रकारों की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है.

उन्होंने पत्रकारों से आग्रह करते हुए कहा कि सोशल मीडिया सहित विभिन्न मंचों पर समाज के मुद्दों, जनहित के विषयों और सकारात्मक विचारों को जिम्मेदारी के साथ साझा करें ताकि समाज में स्वस्थ संवाद और जागरूकता का वातावरण विकसित हो सके. इस बैठक में जिला अध्यक्ष संतोष सिंह, महामंत्री धनंजय श्रीवास्तव, राजेश कुमार मिश्रा सहित अन्य कई पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में अरशद मसूद, सुमित जायसवाल, दिनेश कुमार पाण्डेय, पारसनाथ मौर्य, जीतेन्द्र श्रीवास्तव, अब्दुल कलाम, परमानन्द मिश्र, रत्नेन्द्र पाण्डेय, रियाज अहमद, अवधेश कुमार सोनकर, मनोज कुमार यादव, संदीप यादव, धर्मप्रकाश श्रीवास्तव, बबुन्दर यादव, डॉ. नवीन सिंह, मिर्जा जमीर अहमद, डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद, डॉ. अजीत श्रीवास्तव, सत्यराम, प्रशान्त त्रिपाठी, वसीम अहमद, राजकुमार गौतम, इमरान अंसारी, आनंद भारती, मो. तलहा, अभिषेक गौतम, मो. टीपू, वेदान्त सिंह, जयप्रकाश पाण्डेय, हिफजुर्रहमान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


