मजदूर दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी बस्ती शाखा बस्ती द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए रेलवे स्टेशन स्थित माल गोदाम पर काम करने वाले मजदूरों के बीच एक जागरूकता अभियान चलाया गया. भीषण गर्मी और बढ़ते हीट वेव के संकट को देखते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने सभी मजदूरों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी और उसके राहत सामग्री का वितरण भी किया.
धूल के कण से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी
इसका आयोजन पुरानी बस्ती स्थित रेलवे स्टेशन के माल गोदाम परिसर में किया गया जहां बड़ी संख्या में मजदूर सीमेंट की बोरियों को उठाने एवं अन्य कार्यों में लगे हुए थे. तेज धूप और अत्यधिक गर्मी के बीच काम करते रहने से इन मजदूरों की संतुलन स्थिति कफी बिगड़ रही थी. उनकी स्थिति को ध्यान में रखते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी की टीम ने उन्हें गर्मी से बचाव के उपाय के बारे में जानकारी दी. इस अभियान के अवसर पर सोसाइटी के नव निर्वाचित सभापति संतोष सिंह ने मजदूरों का संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी कार्य को करने से पहले हमें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए क्योंकि हमारा स्वास्थ्य ही हमारे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है. यदि हम सभी लोग स्वस्थ रहेंगे तो हम अपने परिवार का पालन पोषण अच्छे से कर पाएंगे. इसलिए काम करते समय हमें अपने स्वास्थ्य के प्रति सावधानी और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देना चाहिए.

इस अभियान के दौरान मजदूरों को धूप से बचाने के लिए उन्हें गमछा, मास्क, बिस्कुट और शुद्ध पेयजल आदि सामान वितरित किया गया. उपसभापति लक्ष्मीकांत पांडे ने सभी मजदूरों को अधिक तापमान और सीमेंट के कण के नुकसान के बारे में जानकारी दी और उन्होंने आगे बताया कि सीमेंट के छोटे-छोटे कण हवा में मिलकर सांसों के जरिए हमारे शरीर में प्रवेश करता है और हमारे फेफड़ों को संक्रमण और अन्य गंभीर बीमारियां को फैलता है इसलिए ऐसे जटिल कार्यों को करते समय हमें गमछा या मास्क का उपयोग करना चाहिए और अपने स्वास्थ्य को नियमित रूप से जांच करते रहना चाहिए.

रेलवे माल गोदाम पर संस्था द्वारा चला स्वास्थ्य जागरूकता अभियान
सचिव रंजीत श्रीवास्तव ने भीषण गर्मी और हीट वेव के बचाव के विभिन्न उपायों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इतनी भीषण गर्मी के समय हमारे शरीर में पानी की कमी एक बहुत बड़ी समस्या बन सकती है जिससे डिहाइड्रेशन की समस्या उत्पन्न हो सकती है इसलिए हमें समय-समय पर पानी पीते रहना बेहद जरूरी है. उन्होंने आगे मजदूरों को सलाह दी कि वह काम के दौरान अपने सिर पर कपड़ा, गमछा या अन्य कुछ ढक कर रखें और अगर संभव हो तो दोपहर के अत्यधिक गर्मी में कम करने से बचें. उन्होंने आगे कहा कि हीट वेव के दौरान चक्कर आना, अत्यधिक पसीना आ जाना, थकान अत्यधिक महसूस होना जैसे लक्षणों को नजर अंदाज नहीं करना चाहिए. भीषण गर्मी में ऐसे लक्षणों का दिखाई देने के बाद तुरंत छायादार स्थान पर जाकर आराम करना चाहिए और पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए.

इस अभियान में सोसाइटी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों की उपस्थिति देखने को मिली जिसमें कोषाध्यक्ष राजेश कुमार ओझा, कार्यकारिणी सदस्य उमेश श्रीवास्तव, राहुल श्रीवास्तव, सरदार सरबजीत सिंह, आनंद पाटिल, मनोज यादव और इमरान अली तथा कई अन्य लोग शामिल थे. सभी सदस्यों ने मिलकर मजदूरों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया और उन्हें जागरूक करने में अपनी सक्रिय भूमिका अदा की. रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रयासों ने यह संदेश दिया कि समाज के प्रत्येक वर्गो को एक दूसरे के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए और जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए आगे आना चाहिए।


