बहराइच में बॉलीवुड मेकअप सेमिनार बना आकर्षण का केंद्र – आर्यन शुक्ला

दिन 24 मई को बहराइच जिले में बॉलीवुड मेकअप सेमिनार का कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ मनाया गया. इस खास आयोजन में अलग-अलग हिस्सों से आए हुए लोगों ने फैशन, ब्यूटी और मेकअप इंडस्ट्री को एक नई पहचान देने का कार्य किया है. आयोजन में भारी संख्या में ब्यूटी एक्सपर्ट, मेकअप आर्टिस्ट और फैशन इंडस्ट्री के लोगों ने हिस्सा लिया और कार्यक्रम का सफल बनाया. सेमिनार का सफल आयोजन पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है.

कलाकारों की कला से सजा बहराइच का मंच

कार्यक्रम आयोजक आर्यन शुक्ला ने न्यूज़ ऑफ नेशन की टीम को जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन बहराइच जिले के लिए खास और ऐतिहासिक साबित हुआ है. इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं बल्कि फैशन और सौंदर्य इंडस्ट्री से जुड़े हुए कलाकारों को एक मंच प्रदान करना है जिसमें आज का आयोजन पूर्ण रूप से सफल दिखाई दिया. इस सेमिनार कार्यक्रम की सबसे बड़ी आकर्षण टीवी और ग्लैमर इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री कांची सिंह रही. लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ से पहचान बनाने वाली कांची सिंह के आगमन से कार्यक्रम में मौजूद कलाकारों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला.

जैसे ही वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया. सेमिनार में देश के अलग-अलग जिलों से आने वाले प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट और ब्यूटी एक्सपर्ट ने मंच पर अपनी कला, अनुभव और नई तकनीकों को साझा किया. इस कार्यक्रम के दौरान मेकअप इंडस्ट्री में तेजी से बदलते हुए ट्रेंड, बॉलीवुड मेकअप तकनीक, स्किन केयर, ब्राइडल मेकअप तथा अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. कार्यक्रम में आयोजित लाइव मेकअप डेमो और ट्रेनिंग सेशन विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे और नए कलाकारों को अनुभवी मेकअप आर्टिस्ट के द्वारा सीखने का अवसर प्राप्त हुआ.

सेमिनार – कलाकारों को नई पहचान देने में सफल रहा

कलाकारों ने मंच पर आधुनिक मेकअप टेक्नोलॉजी का प्रदर्शन करते हुए बताया कि आज के समय में मेकअप इंडस्ट्री केवल फैशन तक सीमित नहीं है बल्कि यह युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा माध्यम बन चुका है. इस कार्यक्रम में बलरामपुर से प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट कोमल सिंह, बिहार से इंटरनेशनल मेकअप आर्टिस्ट आदित्य और प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट दीपशिखा मौजूद रही. आर्यन शुक्ला ने आगे बताया कि हमारे युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है लेकिन सही मार्गदर्शन न मिल पाने के कारण हमारे युवा भविष्य नहीं बन पा रहे हैं. अतः इस आयोजन के माध्यम से कई युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और इंडस्ट्री के विशेषज्ञों से जुड़ने का एक अवसर प्राप्त हुआ.

बहराइच जैसे शहर में इस तरह का बड़ा आयोजन होना जनपद के लिए गर्व का विषय है. कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और बाहर से आए लोगों के स्वागत के लिए उचित व्यवस्थाएं की गई थी. पूरे आयोजन में दर्शकों की भारी संख्या देखने को मिली और लोगों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया. कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने इसे अपने करियर का बेहद महत्वपूर्ण अवसर माना. बहराइच में आयोजित यह बॉलीवुड मेकअप सेमिनार कार्यक्रम फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री से संबंधित युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top