लखनऊ स्थित बंथरा क्षेत्र के भटगांव की रहने वाली मालती ने मेकअप इंडस्ट्री में अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर एक अलग पहचान बनाई है. मालती पिछले सात वर्षों से प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट के रूप में काम कर रही हैं और उनका सपना है कि वह आने वाले समय में भी इसी क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ती रहें. मालती के लिए मेकअप सिर्फ एक पेशा नहीं है बल्कि उनके लिए मेकअप एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलता है. अपने इसी जुनून और लगन के चलते आज वह कई महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं.
एक सपना, 7 साल की मेहनत और बड़ी पहचान
मालती ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि उनका अपना एक सैलून Jasmine Makeover है, जहां पर वह अपने हुनर के जरिए महिलाओं को खूबसूरत और आत्मविश्वासी महसूस कराने का काम करती हैं. सात साल पहले मेकअप इंडस्ट्री में कदम रखने वाली मालती ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र को गंभीरता से लिया था. उन्होंने लगातार अपने काम को बेहतर करने, नई तकनीकों को सीखने और बदलते फैशन के साथ खुद को अपडेट रखने पर ध्यान दिया. वह बतातीं हैं कि मेकअप इंडस्ट्री में काम करने के दौरान उन्हें कई ऐसे अवसर मिले, जिनकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी. इस सफर में उन्हें सेलिब्रिटीज से मिलने का मौका मिला और विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्राप्त हुआ.

प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना उनके लिए केवल जीत हासिल करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हर प्रतियोगिता ने उन्हें कुछ नया सीखने और खुद को पहले से बेहतर बनाने की प्रेरणा दी. उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक वह पल रहा, जब उन्हें बॉलीवुड अभिनेत्री कांची सिंह के हाथों सम्मानित होने का अवसर मिला. यह सम्मान मालती के लिए केवल एक अवार्ड नहीं था बल्कि पिछले सात वर्षों की मेहनत, संघर्ष और लगन का परिणाम था. वह इस उपलब्धि को याद करते हुए गर्व महसूस करती हैं. उनका कहना है कि जब आपकी मेहनत को किसी बड़े मंच पर पहचान मिलती है और किसी सेलिब्रिटी के हाथों सम्मान प्राप्त होता है, तो वह पल कलाकार के लिए बेहद खास होता है. यही क्षण आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा और आत्मविश्वास देता है.
मालती ने मेकअप इंडस्ट्री में रचा सफलता का नया अध्याय
मालती के सफर में प्रतियोगिताओं की भी अहम भूमिका रही है. उनका मानना है कि प्रतियोगिता में जीत हासिल करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि होती है, लेकिन उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण उस मंच तक पहुंचना और अपनी कला को दूसरों के सामने प्रस्तुत करना होता है. जब मेहनत के बाद जीत मिलती है तो वह खुशी शब्दों में बयां करना मुश्किल होता है. मालती कहती हैं कि प्रतियोगिता में मिली हर जीत उन्हें यह विश्वास दिलाती है कि अगर इंसान ईमानदारी और पूरी लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ता रहे तो सफलता जरूर मिलती है. उनका मानना है कि आज के समय में मेकअप इंडस्ट्री तेजी से बदल रही है और एक प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट के लिए जरूरी है कि वह नई तकनीकों, ट्रेंड्स और स्टाइल को लगातार सीखता रहे. इसी सोच के साथ वह अपने काम में निरंतर सुधार करने की कोशिश करती हैं. उनके लिए ग्राहक की संतुष्टि सबसे महत्वपूर्ण है. किसी महिला को तैयार करने के बाद जब उसके चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास नजर आता है, तो वही उनके लिए सबसे बड़ी खुशी होती है.

मालती की सफलता के पीछे उनके परिवार का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है. वह विशेष रूप से अपने पति को अपने सफर का सबसे बड़ा सपोर्ट सिस्टम मानती हैं. उनके पति ने हर कदम पर उनका साथ दिया और उनके सपनों को समझते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया. किसी भी महिला के लिए अपने करियर और सपनों को आगे बढ़ाने में परिवार का सहयोग बहुत मायने रखता है और मालती को इस बात पर गर्व है कि उन्हें अपने पति का लगातार समर्थन मिलता रहता है. भटगांव जैसे क्षेत्र से निकलकर मेकअप इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाना मालती के लिए गर्व की बात है. उनका सफर यह बताता है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती है. अगर मेहनत करने का जज्बा, सीखने की इच्छा और अपने लक्ष्य को पाने का विश्वास हो तो छोटे से स्थान से निकलकर भी बड़े मंच पर पहचान बनाई जा सकती है. सात वर्षों के अपने सफर में मालती ने यही साबित किया है कि अगर अपने काम के प्रति जुनून हो और परिवार का साथ मिले तो सपनों को हकीकत में बदला जा सकता है।
शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


