बस्ती में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का शपथ ग्रहण समारोह बना ऐतिहासिक

बस्ती उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश द्वारा दिन मंगलवार को हाईवे के पास स्थित एक होटल के सभागार में शपथ ग्रहण, व्यापारी एवं पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया. इस आयोजन में प्रदेश से आए हुए संगठन के पदाधिकारियों, व्यापारियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज़ कराई. समारोह में नवमनोनीत पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई. वहीं दूसरी ओर व्यापारी एवं पत्रकार बंधुओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया. इस कार्यक्रम में व्यापारियों की एकजुटता, संगठन की मजबूती और व्यापारी हितों की रक्षा का संकल्प प्रमुखता से दिखाई दिया.

लोकेश अग्रवाल ने कहा – हर संघर्ष में व्यापारिक संगठन आपके साथ खड़ा रहेगा.

व्यापारियों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने पूरे सभागार संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारी समाज देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ है. छोटे दुकानदार से लेकर बड़े उद्योगपति तक हर व्यापारी रोजगार सृजन, कर भुगतान और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. ऐसे में व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें सुरक्षित व अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है. प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वे संगठन की ताकत बनें और एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा करें.

जब व्यापारी संगठित रहेगा तभी उसकी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा. बदलते समय के साथ व्यापारियों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल लेनदेन और नई व्यापारिक व्यवस्थाओं को भी अपनाना चाहिए ताकि वे प्रतिस्पर्धा के इस दौर में और अधिक सशक्त बन सकें. हमारा संगठन व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य में लगा हुआ है. यदि किसी व्यापारी के साथ अन्याय होता है या उसे किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ता है तो संगठन उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा. व्यापारियों के हितों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा. संगठन हमेशा व्यापारियों की आवाज बनकर उनके अधिकारों की रक्षा करेगा और हर स्तर पर उनके हितों के लिए संघर्ष करता रहेगा.

हमारा व्यापार मंडल केवल एक संगठन नहीं बल्कि व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा का मजबूत मंच है.

कार्यक्रम की अध्यक्षता करने वाले बस्ती मंडल के संरक्षक राना दिनेश प्रताप सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन हमेशा व्यापारियों की छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहता है. संगठन के रहते हुए व्यापारियों को किसी भी प्रकार के भय या दबाव में आने की आवश्यकता नहीं है. संगठन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है. जिला अध्यक्ष राकेश सिंह ने अपने व्यापारी समाज को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में संगठन लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है. संगठन की बढ़ती सक्रियता का परिणाम यह है कि आज प्रदेश के अधिकतर व्यापारी इससे जुड़ रहे हैं और अपने अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ रहे हैं. प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बस्ती मंडल प्रभारी हरिमूर्ति सिंह मनोज ने कहा कि उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल केवल एक संगठन नहीं बल्कि व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा का मजबूत मंच है. संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी व्यापारी हितों की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेगा.

इस कार्यक्रम में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई. इसके साथ ही समाज और व्यापार जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यापारियों तथा पत्रकारों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के नाम क्रमशः शक्ति शरण उपाध्याय, प्रवीण सिंह, कुलदीप श्रीवास्तव, अमन गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता, राणा महेंद्र प्रताप, किशन सिंह, रत्नाकर श्रीवास्तव, आलोक कुमार दुबे, सत्येंद्र श्रीवास्तव, भरत राम उर्फ बबलू, धर्म प्रकाश श्रीवास्तव, बृजनंदन दास मिश्र, राजेश सिंह, महेंद्र कुमार गुप्ता, संजय सिंह, धीरेंद्र कुमार सिंह, वंदना वर्मा, सौरभ श्रीवास्तव, संध्या गोस्वामी, राजेंद्र प्रसाद साहू, जितेंद्र सिंह, धर्मेंद्र कुमार, विश्वनाथ, सुनील कुमार गुप्त तथा उद्योग मंच बस्ती के जिला अध्यक्ष कमलेश चौधरी तथा अन्य लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंच कर इस कार्यक्रम को सफल बनाया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top