पुरानी बस्ती क्षेत्र के दक्षिण दरवाजा निकट प्राचीन एवं पारंपरिक मंदिर श्री राधा कृष्णा पंचायती मंदिर में भगवान श्रीराम, माता सीता, भाई लक्ष्मण एवं भक्त हनुमान की प्रतिमाओं की स्थापना को लेकर मंदिर परिसर में तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन का भव्य शुभारंभ हुआ. मंदिर के आसपास के क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और उत्साह का वातावरण बना हुआ है. पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है जिससे मंदिर की भव्यता और दिव्यता चार गुना बढ़ गई है.
भगवान राम की विशाल शोभायात्रा, राममय हुई पूरी बस्ती
मीडिया को मिली जानकारी के अनुसार इस आयोजन के प्रथम चरण में मंदिर की विशेष और आकर्षक सजावट की गई. रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और धार्मिक प्रतीकों से सुसज्जित यह मंदिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. तीन दिवसीय कार्यक्रम के आयोजक राजेश कुमार सोनी ने बताया कि 15 जून दिन सोमवार को पूरे दिन भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में भक्तों ने भाग लिया. भक्तों ने भगवान राम के भजनों का आनंद लेते हुए आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया. 16 जून दिन मंगलवार को भी दिनभर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहा.

शाम के समय भगवान श्रीराम की प्रतिमा के साथ मंदिर परिसर से करूवा बाबा तिराहे तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई. इस शोभायात्रा में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. जय श्रीराम के उद्घोष और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा. इस शोभायात्रा के दौरान भक्तों के चेहरों पर खुशी, उमंग और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था. श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की प्रतिमा के दर्शन कर स्वयं को पुण्य का भागीदार बनाया. जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और पुष्प वर्षा करके अपनी श्रद्धा व्यक्त की.

बस्ती के प्राचीन और भव्य मंदिर में हुई राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा
आयोजन समिति ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 17 जून दिन बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं भक्त हनुमान की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा हुई. अयोध्या के हनुमान कुंज सेवा संस्थान से आए आचार्य राजेश शास्त्री जी महाराज ने विधि-विधान से प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा सफलतापूर्वक संपन्न किया. आचार्य राजेश शास्त्री ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा से मूर्ति में देवत्व जागृत होता है और मंदिर की ऊर्जा बढ़ती है. तीन दिवसीय आयोजन में भजन-कीर्तन और भव्य शोभायात्रा निकाली गई. प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद शाम को हवन हुआ और श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण का आयोजन भी किया जाएगा.

इस त्रिदिवसीय कार्यक्रम में सोनम सोनी, आंचल सोनी, नैना सोनी, सोनी रस्तोगी, पिंकी सोनी, आकाश सोनी, रोहन सोनी, आकाश सोनी, सुमित मोदनवाल, निखिल मोदनवाल तथा अन्य श्रद्धालु गण शामिल हुए. बस्ती वासियों का कहना है कि श्री राधा कृष्णा पंचायती मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है बल्कि हमारे क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का भी प्रतीक है. यह मंदिर हमारे भारतीय पूर्वजो के द्वारा दिया सबसे बड़ा विरासत है. मंदिर की प्राचीनता और भव्यता इसे विशेष पहचान प्रदान करती है. प्रतिमा स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा के इस पावन अवसर ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और आस्था के वातावरण से सराबोर कर दिया है. क्षेत्रीय श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और सभी लोग इसे ऐतिहासिक एवं यादगार आयोजन के साक्षी बन रहे हैं.

शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


