मां केवल एक शब्द नहीं बल्कि प्यार, ममता, करूणा की साकार प्रतिमूर्ति होती है. इसी भावना के साथ यूनिक साइंस एकेडमी ने मातृ दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया. विद्यालय में आयोजित मातृ दिवस समारोह उत्साह और उमंग के वातावरण में दिखाई दिया. विद्यालय के इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों की माताओ ने भी हिस्सा लिया और पूरे आयोजन का भरपूर आनंद उठाया.
शिक्षक, अभिभावक और छात्रों ने मिलकर मनाया मातृ दिवस का उत्सव
कार्यक्रम का शुभारंभ डायरेक्टर संतोष श्रीवास्तव, प्रिंसिपल राजेश श्रीवास्तव, अध्यक्ष सुनील श्रीवास्तव के द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके किया गया. विद्यालय के सभी अध्यापक-अध्यापिकाएं व बड़ी संख्या में अभिभावकों भी उपस्थित रही. दीप प्रज्वलन के बाद छात्रों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत गाकर कार्यक्रम की आध्यात्मिक रूप देकर शुरुआत की. मातृ दिवस के अवसर पर पूरे विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, फूलों व आकर्षक ढंग से सजाया गया और दीवारों को संदेशों से सजाया गया. इन सभी सजावटों से कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ गई. मातृ दिवस के अवसर पर सभी छात्रों ने अपनी माता के प्रति प्रेम और सम्मान को सुंदर तरीके से प्रस्तुत किया.

कई बच्चों ने मां की ममता और त्याग पर मनमोहक प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया. बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों को देखकर कई माताएं भावुक नजर आई. इस समारोह की सबसे खास बात यह थी कि इसमें सभी माताओं के लिए प्रतियोगिता और मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया था और माताओ ने खुशी के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लिया. माताओं की प्रतियोगिता में म्यूजिकल चेयर के अंतर्गत यशस्वी एवं आराध्या की मां ने जीत हासिल की. काव्या की मां बैलून एवं स्टोल गेम में विजेता रही. जीतने वाली माताओ को डायरेक्टर संतोष श्रीवास्तव के द्वारा विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया.

माताओ की भागीदारी से यादगार बना मातृ दिवस समारोह
विद्यालय के डायरेक्टर संतोष श्रीवास्तव ने मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि मां का स्थान सबसे हमारे जीवन में सबसे ऊंचा होता है. मां ही बच्चों की पहली गुरु होती है. मां ही हमें संस्कार, अनुशासन और जीवन जीने की सही कला सिखाती है. मातृ दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि मां का सम्मान और सेवा करने का दिन है. हमारा विद्यालय यूनिक साइंस एकेडमी पूरे वर्ष लगातार ऐसे कार्यक्रम कराता रहता है जिससे छात्रों में पारिवारिक मूल्यों और संस्कार की भावना का विकास हो सके. प्रधानाचार्य राजेश श्रीवास्तव ने सभी छात्रों और माताओ को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के विकास में मां की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है.

जब विद्यालय परिवार और माता-पिता मिलकर बच्चों के विकास के लिए प्रयास करते हैं तो बच्चों को जीवन में बड़ी से बड़ी उपलब्धि मिलने लगती है. इस कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक-अध्यापिकाओं व स्टॉफ का विशेष योगदान रहा. कार्यक्रम को सफल बनाने में अंशु उपाध्याय, ज्योति श्रीवास्तव, शिवांगी त्रिपाठी, आंचल, तनु गुप्ता, यासमीन व सौम्या ने अपनी अहम भूमिका निभाई. कार्यक्रम का संचालन सानिया और ज्योति ने बेहद अलग अंदाज में किया, जिसकी सभी लोगों ने सराहना की. पूरे आयोजन में तालिया की गूंज सुनाई देती रही. माताओं और बच्चों ने मिलकर मातृ दिवस समारोह को यादगार बना दिया.
शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


