सिद्धार्थनगर जिले में Ambition Technical Institute of Technology द्वारा आयोजित नि:शुल्क मेकअप मास्टर क्लास का सफल आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के आयोजक संतोष चौधरी थे. इस आयोजन का उद्देश्य मेकअप और ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों एवं युवाओं को आधुनिक तकनीकों, नए ट्रेंड्स तथा प्रोफेशनल स्किल्स की जानकारी प्रदान करना था. कार्यक्रम में सिद्धार्थनगर सहित कई अन्य जिलों से मेकअप आर्टिस्ट, हेयर स्टाइलिस्ट, ब्यूटी एक्सपर्ट और प्रशिक्षु बड़ी संख्या में शामिल हुए.
आधुनिक मेकअप तकनीकों का राज़ जानने उमड़ी भीड़, दूर-दूर से पहुंचे प्रतिभागी
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ. आयोजक संतोष चौधरी ने सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि उन्हें अत्यंत खुशी है कि सिद्धार्थनगर की धरती पर विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली कलाकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है. ऐसे आयोजन न केवल नए कलाकारों को सीखने का अवसर प्रदान करते हैं बल्कि आपसी अनुभवों के आदान-प्रदान से पूरे ब्यूटी उद्योग को नई दिशा भी मिलती है. मास्टर क्लास के दौरान प्रसिद्ध नेल आर्टिस्ट अनिल सर ने आधुनिक नेल आर्ट की तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताते हुए कहा कि बदलते फैशन के साथ नेल आर्ट का महत्व लगातार बढ़ रहा है और ग्राहकों की पसंद के अनुसार नई-नई डिजाइन एवं तकनीकों को सीखना समय की आवश्यकता है.

उन्होंने प्रतिभागियों को कई व्यावहारिक टिप्स भी दिए, जिनसे वे अपने कार्य को और अधिक आकर्षक एवं प्रोफेशनल बना सकें. इसके बाद हेयर आर्टिस्ट राम सर ने हेयर स्टाइलिंग की नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन किया. उन्होंने विभिन्न प्रकार के हेयर कट, हेयर स्टाइल और हेयर फिनिशिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि किसी भी मेकअप लुक को पूर्ण बनाने में हेयर स्टाइल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. प्रतिभागियों ने उनके लाइव डेमो को बड़े उत्साह के साथ देखा और अनेक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया.

ब्यूटी एक्सपर्ट्स का केंद्र बना सिद्धार्थनगर
कार्यक्रम में प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट वीरा मेकओवर तथा चंदा कांडू ने भी अपने अनुभव साझा किए. दोनों विशेषज्ञों ने ब्राइडल मेकअप, पार्टी मेकअप, फेस शेप के अनुसार मेकअप, सही प्रोडक्ट के चयन तथा मेकअप की फिनिशिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और बताया कि सफलता के लिए केवल मेकअप करना ही पर्याप्त नहीं है बल्कि ग्राहक की त्वचा, व्यक्तित्व और अवसर के अनुसार सही तकनीक अपनाना भी आवश्यक होता है. कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब आया जब बॉलीवुड सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट निभा मिश्रा का आगमन हुआ. उनके पहुंचते ही उपस्थित प्रतिभागियों में उत्साह की लहर दौड़ गई. निभा मिश्रा ने अपने लंबे अनुभव के आधार पर मेकअप की बारीकियों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया और कहा कि एक सफल मेकअप आर्टिस्ट बनने के लिए निरंतर अभ्यास, नई तकनीकों को सीखने की इच्छा और ग्राहकों की जरूरतों को समझना अत्यंत आवश्यक है.

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम छोटे शहरों के युवाओं को बड़े अवसरों से जोड़ने का कार्य करते हैं. कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को उनके योगदान और सहभागिता के लिए अवार्ड एवं सर्टिफिकेट प्रदान करके सम्मानित किया गया. सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें अपने करियर को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं. आयोजक संतोष चौधरी ने कहा कि भविष्य में भी एंबीशन के माध्यम से ऐसे शैक्षणिक एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे सिद्धार्थनगर और आसपास के जिलों के युवा ब्यूटी एवं मेकअप इंडस्ट्री में नई पहचान बना सकें।

शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


