सपनों को साकार करने के लिए यदि दृढ़ संकल्प, नरेंद्र मेहनत और आत्मविश्वास हो तो कोई भी लक्ष्य संभव नहीं रहता. इन्हीं विचारों को वास्तविकता में बदलते हुए बस्ती की प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट रंजना यादव ने अपने वर्षो के संघर्ष और समर्पण के बाद बस्ती शहर में शोलफिट स्टूडियो का शुभारंभ किया. पूरा उद्घाटन समारोह श्रद्धा, उत्साह और पारिवारिक भावनाओं से भरा हुआ दिखाई दिया, इसके साथ ही वैदिक मंत्र के साथ इस स्टूडियो का शुभारंभ किया गया.
रंजना यादव ने लिखी नई कहानी, बस्ती में शुरू हुआ शोलफिट स्टूडियो
रंजना यादव ने अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण अवसर को सबसे पहले अपने माता-पिता को समर्पित किया. उन्होंने स्टूडियो का उद्घाटन अपने माता-पिता के करकमलों से कराकर यह संदेश दिया कि जीवन में माता-पिता के आशीर्वाद ही सबसे बड़ी पूंजी होती है. समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने इस भावुक क्षण का तालियों के साथ स्वागत किया और रंजना की इस पहल की सराहना की. रंजना यादव ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मेकअप और ब्यूटी इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए उन्होंने कई वर्षों तक लगातार मेहनत की. इसके दौरान उन्होंने विभिन्न शहरों और जिलों में जाकर प्रोफेशनल प्रशिक्षण प्राप्त किया, नई तकनीकों को सीखा और आधुनिक ब्यूटी ट्रेंड्स का गहन अध्ययन किया. उन्होंने कहा कि हर नई सीख ने उन्हें अपने लक्ष्य के और करीब पहुंचाया.

अनेक चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयास करती रहीं. उन्होंने आगे कहा कि आज शोलफिट स्टूडियो का शुभारंभ केवल एक आयोजन नहीं है और न ही यह केवल एक व्यवसाय की शुरुआत है बल्कि यह स्टूडियो वर्षो की मेहनत संघर्ष और विश्वास का संयुक्त परिणाम है. हमारा प्रधान उद्देश्य बस्ती की महिलाओं और बेटियों को महानगरों जैसी आधुनिक एवं प्रोफेशनल मेकअप सेवाएं उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें बेहतर सेवाओं के लिए बाहर न जाना पड़े.

संघर्ष और अनगिनत चुनौतियां के बीच रंजना यादव ने पूरा किया सपना
उद्घाटन समारोह में रंजना यादव ने प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि जिसका कोई नहीं होता है उसका ईश्वर होता है. जब व्यक्ति पूरी ईमानदारी और लगन से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ता है तो ईश्वर स्वयं उसके मार्ग को सरल बना देते हैं. इस उद्घाटन के माध्यम से उन्होंने युवाओं, बेटियों और महिलाओं से अपने सपनों को कभी न छोड़ने और कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील की. उन्होंने आगे कहा कि अगर इंसान कैसे दिशा में पूरे निष्ठा के साथ आगे बढ़ता है तो मंजिल एक न एक दिन अवश्य मिल जाती है. सफलता पाने का कोई भी शॉर्टकट नहीं होता है बल्कि सफलता को लगातार मेहनत और धैर्य रखने से ही प्राप्त किया जा सकता है.

उद्घाटन समारोह में उपस्थित लोगों ने रंजना यादव को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी. सभी लोगों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए एक प्रेरणा है, जो अपने सपनों को साकार करने की इच्छा रखते हैं. स्थानीय लोगों ने विश्वास जताते हुए कहा कि रंजना यादव अपनी मेहनत और बेहतर सेवाओं के दम पर ब्यूटी और मेकअप के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेंगी. रंजना यादव की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि व्यक्ति अपने सपनों पर विश्वास रखे, निरंतर सीखता रहे और कठिनाइयों से घबराए बिना आगे बढ़ता रहे, तो सफलता निश्चित रूप से उसके कदम चूमती है।

शम्भूनाथ गुप्ता पिछले 6 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वे ‘मीडिया दस्तक’ और ‘बस्ती चेतना’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर न्यूज़ एवं वीडियो एडिटिंग टीम में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं. न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल कंटेंट निर्माण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है. इसके साथ ही वे ‘भारतीय बस्ती’ में कंटेंट राइटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबरों के लेखन और डिजिटल प्रकाशन में अहम भूमिका निभाई. वर्तमान में वे ‘न्यूज़ ऑफ नेशन’ में संपादक के पद पर कार्यरत हैं और निष्पक्ष, गंभीर व सटीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं.


