बस्ती शहर के स्टेशन रोड पर स्थित होटल बालाजी प्रकाश में प्रभु संबंध एवं श्रीमद् भागवत कथा का भव्य एवं दिव्य आयोजन हुआ जिसमें सभी श्रद्धालु बड़ी संख्या में उत्साह के साथ दिखाई दिए. यह भागवत रूपी धार्मिक कार्यक्रम 30 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रैल तक लगातार चला रहा जिसमें सभी भक्तों ने धर्मलाभ प्राप्त किया. इस कार्यक्रम के दौरान पूरा बस्ती क्षेत्र भक्ति के माहौल में नजर आया और चारों तरफ भगवान के भजन-कीर्तन तथा जयकारों की गूंज सुनाई देती रही.
प्रभु संबंध एवं श्रीमद् भागवत कथा की शुरुआत कलश यात्रा से
गौरव साहू ने न्यूज़ ऑफ़ नेशन की टीम से बातचीत करने के दौरान बताया कि प्रभु संबंध एवं श्रीमद् भागवत कथा की शुरुआत 30 मार्च के दिन भव्य कलश यात्रा निकालकर शुरू किया गया. यह कलश यात्रा त्रिदेव मंदिर से प्रारंभ होकर करुवा बाबा तिराहा, मंगल बाजार, दक्षिण दरवाजा होते हुए होटल बालाजी प्रकाश तक निकला गया जिसमें हजारों की संख्या में सभी महिलाएं अपने सिर पर कलश रखकर और सभी पुरुष हाथों में भगवा झंडा लेकर इस कलश यात्रा में हिस्सा लिया. सभी भक्त पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन करते हुए और भगवान श्री राम का नारा लगाते हुए भक्ति की एकता दिखाई और कथा में सम्मिलित होने की अपील भी की गई. इस भव्य कलश यात्रा के दौरान पूरा बस्ती शहर भक्ति के रंग में रंगा हुआ दिखाई दिया. धार्मिक कथा श्रीमद् भागवत कथा की जिम्मेदारी वृंदावन से पधारे कथावाचक श्री ब्रह्मचारी शिवबली चौबे जी महाराज ने संभाली.

उन्होंने श्रीमद् भागवत कथा के दौरान भगवान श्री कृष्ण की समस्त लीलाओं और भक्तों के प्रति श्री कृष्ण की करुणा पर प्रकाश डाला इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने सनातन धर्म के महत्व पर भक्तों को विस्तार से जानकारी दी. कथावाचक शिवबली चौबे जी महाराज की दिव्य एवं ओजस्वी वाणी व सरल शैली ने सभी भक्तों को भागवत की ओर मंत्रमुग्ध कर दिया. इस धार्मिक कथा को सुनकर सभी भक्त भाव-विभोर होकर भगवान की भक्ति में नजर आए. भागवत कथा के दौरान प्रतिदिन सुबह 5:00 बजे से 6:30 बजे तक प्रवचन, प्रभातफेरी और प्रार्थना का आयोजन किया गया. इस दौरान सभी श्रद्धालु सुबह 5:00 बजे प्रभात फेरी में शामिल होकर आसपास के क्षेत्र में घूमकर भजन कीर्तन करते हुए धर्म के प्रति अन्य लोगों को जागरूक किया.

धार्मिक आयोजन में दिखा धार्मिक एकता का मिसाल
प्रातः काल में होने वाला यह कार्यक्रम बस्ती क्षेत्र के भक्तो के लिए आकर्षण का केंद्र रहा. वहीं दूसरी तरफ दोपहर में प्रतिदिन 2:30 बजे से लेकर शाम को 6:00 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया जिसमें भगवान श्री कृष्ण के जीवन के सारे प्रसंग, गीता उपदेश व भक्ति के मार्ग पर चलने की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई. कथावाचक शिवबली चौबे जी महाराज ने बताया कि भागवत कथा का आयोजन केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने का एक माध्यम है. भागवत कथा मानव जीवन को सत्य, सेवा, दया, धर्म और सदाचार के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है. प्रभु संबंध एवं श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन बस्ती कांवरिया संघ चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा किया गया. इस ट्रस्ट के सभी सदस्यों ने भागवत कथा को सफल बनाने के लिए अपनी अहम भूमिका निभाई.

कार्यक्रम में उपस्थित संजय द्विवेदी ने कथा आयोजन स्थल पर भक्तों से संबंधित सभी सुविधाओं का ध्यान रखा और उन्होंने कहा कि बस्ती क्षेत्र में ऐसा भव्य कार्यक्रम मैंने कभी नहीं देखा. भागवत कथा की यह अमृत वर्षा हम सभी लोगों को पुण्य का भागीदार बनाएगी. इस भागवत कथा में भक्तों के साथ-साथ लड्डू गोपाल को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था. इस कार्यक्रम के अंतिम दिन में महाआरती, हवन व प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया जिसमें सभी भक्त बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन का हिस्सा बने. भागवत कथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी भक्तों ने भगवान से सुख-समृद्धि और विश्व शांति की प्रार्थना की. कार्यक्रम में उपस्थित भक्तों ने कहा कि भागवत चर्चा का यह कार्यक्रम हमारे भीतर आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर रहा है और इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज को एकता और भाईचारे का संदेश भी मिला है.


