आज बस्ती जिले में सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार तथा धार्मिक चेतना को सशक्त करने के उद्देश्य से श्री बांके बिहारी बालाजी सेवा समिति तथा राष्ट्रीय हिंदू परिषद की एक संयुक्त तथा महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. जिसमें मुख्य उद्देश्य श्री बागेश्वर धाम सरकार परम पूज्य पंडित धीरेंद्र शास्त्री जी महाराज के बस्ती आगमन प्रस्ताव को लेकर विचार विमर्श हुआ है. इस बैठक में कमेटी के गठन प्रस्तावित कथा कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन स्थल, तिथि निर्धारण और बुकिंग प्रक्रिया को लेकर विस्तृत चर्चा की गई है.
बस्ती में बागेश्वर धाम कथा को लेकर हुआ चर्चा
आज इस बैठक में उपस्थित पदाधिकारी तथा सनातन धर्म के अनुयायियो ने एक स्वर में बस्ती जिले में बागेश्वर धाम सरकार की दिव्य कथा आयोजित करने की आवश्यकता पर पूर्ण रूप से बल दिया है. वक्ताओं ने बताया है कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में धार्मिक चेतना संस्कार तथा एकता को मजबूती भी मिलती है. इस बैठक के दौरान प्रस्ताव रखा गया है कि कार्यक्रम को भव्य, सव्यवस्थित तथा जन सामान्य की सहभागिता के साथ-साथ संपन्न कराया जाए. इस अवसर पर राष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय धर्म गुरु पंडित अमित शुक्ला महाराज ने अपने संबोधन में बताया है कि बागेश्वर धाम सरकार आज देश ही नहीं अपितु विदेशों में भी सनातन धर्म की अलख जगा रहे हैं.

उनके द्वारा कही गई कथाएं तथा प्रवचन युवाओं को धर्म संस्कार तथा राष्ट्र के प्रति जागरूक करने का कार्य भी कर रहे हैं. उन्होंने आगे बताया कि यदि बस्ती में उनका आगमन होता है तो यह पूरे क्षेत्र के लिए बहुत ही सौभाग्य का विषय होगा. राष्ट्रीय हिंदू परिषद के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष हिंदू राहुल मिश्रा ने बताया कि संगठन पूरी शक्ति के साथ इस आयोजन को सफल बनाने के लिए तत्पर तैयार खड़ा हुआ है. उन्होंने आगे यह भी बताया कि इसके लिए एक मजबूत कोर कमेटी का भी गठन किया जाएगा. जिसमें सभी संगठनों के समर्पित तथा अनुभवी कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया जाएगा. इसके साथ-साथ ही प्रशासनिक अनुमति, सुरक्षा व्यवस्था तथा जनसंपर्क जैसे विषयों पर भी गंभीरता से चर्चा की जाएगी.

बागेश्वर धाम सरकार के आगमन प्रस्ताव पर हुआ विचार
आज श्री बांके बिहारी बालाजी सेवा समिति कि संस्थापिका बहन कुमारी रोशनी यादव ने बताया है कि समिति का उद्देश्य सनातन धर्म की सेवा करना तथा समाज को धार्मिक मूल्यों से कनेक्ट करना है. उन्होंने आगे कहा कि यदि बागेश्वर धाम सरकार की कथा बस्ती में होती है तो यह समिति के लिए गर्व का विषय होगा तथा समिति इस आयोजन में तन मन धन से सहयोग करेगा. इस बैठक में राष्ट्रीय हिंदू परिषद के बस्ती जिला अध्यक्ष ने भी अपने विचार रखते हुए बताया है कि जिले के सभी सनातनी संगठनों को एक मंच पर आकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाना होगा. उन्होंने आगे कहा कि यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक अपितु सामाजिक समरसता का भी संदेश देगा. श्री बांके बिहारी बालाजी सेवा समिति के महासचिव पीताराम यादव ने प्रस्ताव रखते हुए बताया की कथा का आयोजन की रूपरेखा संभावित स्थल, तिथि और आवश्यक संसाधनों को लेकर शीघ्र ही कार्य योजना तैयार की जाएगी.

उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से सहयोग तथा सुझाव देने की अपील की है. इस बैठक में राष्ट्रीय हिंदू परिषद बस्ती युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रमेश पांडेय ने भी युवाओं की भागीदारी पर जोर देते हुए बताया कि युवा वर्ग इस तरह के धार्मिक आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. उन्होंने कहा कि प्रचार प्रसार सेवा कार्य तथा व्यवस्थाओं में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी. इसके अतिरिक्त बैठक में बड़ी संख्या में सनातन धर्म प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे. सभी ने एक मत से बस्ती जिले में बागेश्वर धाम सरकार के आगमन के लिए सकारात्मक वातावरण बनाने तथा संगठनात्मक रूप में मजबूती के साथ कार्य करने का संकल्प लिया है. इस बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया है कि शीघ्र ही कोर कमेटी की घोषणा की जाएगी तथा आगामी बैठक में कथा आयोजन की अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी. यह बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ है.


